पति तलाकशुदा निकला, बैंक मैनेजर की नौकरी भी फर्जी
शादी के 10 दिन बाद नवविवाहिता को घर से निकाला

अमरावती/दि.2 – खुशहाल वैवाहिक जीवन के सपने लेकर ससुराल पहुंची 30 वर्षीय नवविवाहिता को शादी के महज दस दिनों में ही बड़ा झटका लगा. जिस युवक ने खुद को निजी बैंक का मैनेजर बताया था, वह न तो बैंक मैनेजर निकला और न ही उसने अपनी पहली शादी की बात बताई थी. आरोप है कि ससुराल वालों ने शादी के बाद दहेज के रूप में 15 लाख रुपये की मांग कर महिला का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया. आखिरकार पीड़िता ने पथ्रोट पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
शिकायत के मुताबिक पीड़िता का विवाह 23 जून 2026 को परतवाड़ा के एक लॉन में नागपुर जिले के सावनेर निवासी विनय के साथ हुआ था. परिवार ने बेटी की शादी धूमधाम से की थी. विवाह के दौरान करीब 12 ग्राम सोने का सिक्का, दो लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान दिया गया था.
* बैंक मैनेजर बताकर किया विवाह
पीड़िता के मुताबिक, विवाह से पहले विनय ने स्वयं को एक निजी बैंक में मैनेजर बताया था. इसी भरोसे पर विवाह तय हुआ. लेकिन शादी के बाद उसे पता चला कि विनय की पहली शादी हो चुकी थी और उसने यह महत्वपूर्ण जानकारी उससे छिपाई थी. इतना ही नहीं, उसकी बताई गई नौकरी की जानकारी भी गलत होने की बात सामने आई. जब महिला ने पति से इस संबंध में जवाब मांगा तो कथित तौर पर उसे अपमानित किया गया. शिकायत में आरोप है कि पति ने उससे कहा कि उसने उससे शादी करके उस पर एहसान किया है, अन्यथा वह पूरी जिंदगी अविवाहित रहती.
* 15 लाख रुपये लाने का दबाव
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति और ससुराल वालों ने नौकरी दिलाने के नाम पर उसके मायके से 15 लाख रुपये नकद लाने की मांग की. मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर में बंद तक रखा.
* गहने भी रख लिए
शिकायत के अनुसार, ससुराल वालों ने महिला के 10 ग्राम के हार, करीब तीन तोले के ब्रेसलेट, अंगूठियों सहित अन्य आभूषण अपने पास रख लिए. इसके बाद शादी के सिर्फ दस दिन बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया.
* कार और भोजन को लेकर भी ताने
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पहुंचते ही उसे ताने दिए जाने लगे. ससुराल वालों ने कथित तौर पर कहा कि उसके पिता ने शादी में कार नहीं दी और उनके मुताबिक पर्याप्त भोजन की व्यवस्था भी नहीं की. इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पथ्रोट पुलिस ने पति विनय, सास प्रमिला, दामाद राहुल, ननद रोशनी और पति की मौसी के खिलाफ घरेलू उत्पीड़न, धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.