शिक्षक मतदाता क्षेत्र से ‘विमाशि’ के दिलीप कडू कल भरेंगे नामांकन
हजारों शिक्षकों की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

* विभिन्न शिक्षक संगठनों का समर्थन
अमरावती/दि.2- अमरावती विभाग शिक्षक मतदाता क्षेत्र की विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए विदर्भ माध्यमिक शिक्षक संघ (विमाशि संघ) के अधिकृत उम्मीदवार दिलीप भीमराव कडू कल शनिवार 3 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे. नामांकन के दौरान हजारों शिक्षकों की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी की गई है.
अमरावती के गाडगेनगर स्थित संत गाडगेबाबा मंदिर परिसर से दोपहर 1 बजे दिलीप कडू अपने समर्थकों और शिक्षक कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए रवाना होंगे. इसके बाद वे कैंप स्थित महसूल आयुक्त कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे.
* प्रमुख नेताओं की रहेगी मौजूदगी
नामांकन कार्यक्रम में विधायक संजय खोडके, नागपुर शिक्षक मतदाता क्षेत्र के विधायक सुधाकर अडबाले, पूर्व शिक्षक विधायक वसंतराव खोटरे, विमाशि के नेता एवं पूर्व विधायक वी. यू. डायगव्हाणे, प्रांताध्यक्ष अरविंद देशमुख, नगरसेवक भोजराज काले सहित अमरावती विभाग के विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे.
* विभिन्न शिक्षक संगठनों का खुला समर्थन
‘शिक्षक हित का नया अध्याय’ का नारा लेकर चुनाव मैदान में उतरे दिलीप कडू के समर्थन में विभिन्न शिक्षक संगठन एकजुट हुए हैं. इनमें विदर्भ माध्यमिक शिक्षक संघ, राज्य शिक्षक संघ, आईटीआई निदेशक संगठन, महाराष्ट्र आश्रमशाला शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ, महाराष्ट्र राज्य कलाध्यापक संघ महामंडल, सत्यशोधक शिक्षक सभा सहित अन्य समान विचारधारा वाले संगठनों के पदाधिकारी और शिक्षक शामिल हैं. आयोजकों ने अमरावती विभाग के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और शिक्षक समुदाय से नामांकन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है.





