तोमोई इंग्लिश मीडियम स्कूल का जिला स्तरीय बास्केटबॉल में दबदबा
पांच आयु वर्गों में जीता खिताब, खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन से कायम रखी विजय परंपरा

अमरावती/दि.3 – जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय, अमरावती तथा श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को आयोजित जिला स्तरीय शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में सूर्यप्रभा प्रतिष्ठान द्वारा संचालित तोमोई इंग्लिश मीडियम स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच अलग-अलग आयु वर्गों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया. विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल के दम पर एक बार फिर अपनी विजय परंपरा कायम रखी.
* इन पांच वर्गों में हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में तोमोई स्कूल के खिलाड़ियों ने निम्न पांच वर्गों में विजेता का खिताब अपने नाम किया. 14 वर्ष आयु वर्ग (बालक) – प्रथम स्थान, 14 वर्ष आयु वर्ग (बालिका) – प्रथम स्थान, 17 वर्ष आयु वर्ग (बालक) – प्रथम स्थान, 17 वर्ष आयु वर्ग (बालिका) – प्रथम स्थान, 19 वर्ष आयु वर्ग (बालिका) – प्रथम स्थान, सभी आयु वर्गों में विद्यालय के खिलाड़ियों ने आक्रामक और अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों को कड़ी चुनौती दी. खिलाड़ियों की मेहनत, नियमित अभ्यास, टीम भावना और मैदान पर बेहतर तालमेल के चलते विद्यालय को यह शानदार सफलता मिली.
* खिलाड़ियों की मेहनत रंग लाई
पांचों वर्गों में मिली इस सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है. खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए स्कूल प्रबंधन, शिक्षक एवं अभिभावकों ने विजेता टीमों को बधाई दी. लगातार अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है.
* प्रबंधन व प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन
इस उपलब्धि के लिए सूर्यप्रभा प्रतिष्ठान की अध्यक्ष आशा देशमुख, उपाध्यक्ष डॉ. श्रीकांत देशमुख, सचिव अरुंधती देशमुख, सहसचिव सचिन डहाके, कोषाध्यक्ष आदित्य देशमुख एवं वृषाली देशमुख ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. विद्यालय की मुख्याध्यापिका वैशाली आवले, उपमुख्याध्यापिका मेघना मीटकरी तथा समन्वयक सतीश चौधरी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी की. वहीं क्रीड़ा शिक्षक प्रवीण चौधरी, नरेंद्र तायडे और गौरव मोहोड सहित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का भी खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला. पांच वर्गों में मिली इस सफलता के बाद विद्यालय में विजेता खिलाड़ियों का अभिनंदन किया जा रहा है. विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है.





