तुलजापुर में नवरात्रोत्सव के लिए पार्किंग का मेगा प्लान
20 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

पिछले वर्ष की तुलना में पांच नए स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था
धाराशिव /दि.3- साढ़े तीन शक्तिपीठों में से एक मां तुलजाभवानी के शारदीय नवरात्रोत्सव के लिए इस बार प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. 3 से 27 अक्तूबर तक चलने वाले नवरात्रोत्सव में करीब 20 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. पिछले वर्ष लगभग 12 लाख श्रद्धालुओं ने मां तुलजाभवानी के दर्शन किए थे. इस बार संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए पिछले वर्ष की तुलना में पांच नए स्थानों पर वाहनतल की व्यवस्था की है.
श्रद्धालुओं के चारपहिया वाहनों के लिए अपसिंगा रोड, नाडापुड़े, धाराशिव रोड फ्लाईओवर के पास, नगर परिषद मैदान, हडको मैदान बाजार कट्टा, भाई उद्धवराव पाटील सभागृह, जगदाले पार्किंग, तालुका क्रीड़ा संकुल, भारती बुवा मठ और औषधवाड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा परसर्वी स्टैंड के सामने सर्विस रोड, नलदुर्ग रोड के कोनूचा सर्विस रोड तथा मंगरूल रोड पर भी वाहनतल उपलब्ध कराने की तैयारी है.
* चारपहिया के लिए 50 रुपये, दोपहिया के लिए 5 से 10 रुपये
नवरात्रोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क भी निर्धारित किया गया है. नगर परिषद की ओर से चारपहिया वाहनों से 50 रुपये पार्किंग शुल्क लिया जाएगा. शहर में कुछ निजी स्थानों पर दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी, जहां 5 से 10 रुपये शुल्क लिया जाएगा.
* सोलापुर, बीड और लातूर से आने वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
श्रद्धालुओं के वाहनों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग के अनुसार पार्किंग व्यवस्था की है. सोलापुर, बीड और लातूर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए हडको पार्किंग, आराधवाड़ी पार्किंग और नाडापुड़े पार्किंग में व्यवस्था की गई है. इन स्थानों पर बड़ी संख्या में वाहनों को खड़ा करने की सुविधा रहेगी.
* शेगांव की तर्ज पर पार्किंग में डिस्प्ले
पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए प्रशासन शेगांव की तर्ज पर तकनीक का इस्तेमाल करेगा. प्रमुख पार्किंग स्थलों पर डिस्प्ले लगाए जाएंगे. इन पर संबंधित वाहनतल में उपलब्ध जगह की जानकारी और वाहन चालकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदर्शित किए जाएंगे. इससे वाहन चालकों को सड़क से ही यह जानकारी मिल सकेगी कि किस पार्किंग स्थल पर जगह उपलब्ध है. पुलिस अधीक्षक ऋतु खोकर के अनुसार, इस व्यवस्था से वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाने और यातायात को सुचारु रखने में मदद मिलेगी.
* सीसीटीवी और सुरक्षा टावर से निगरानी
नवरात्रोत्सव में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है. प्रमुख भीड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा टावर लगाए जाएंगे. इसके अलावा शहर के महत्वपूर्ण स्थानों और पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी. पार्किंग स्थलों से लेकर प्रमुख मार्गों, प्रवेश-निकास मार्गों और भीड़ वाले क्षेत्रों पर नजर रखने की योजना है. इससे भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी.
* शनिवार से शुरू होगी भवानी माता की मंचकी निद्रा
शारदीय नवरात्रोत्सव से पहले मां तुलजाभवानी की मंचकी निद्रा की परंपरा शनिवार, 3 अक्तूबर की शाम से शुरू होगी. नौ दिनों की निद्रा पूरी करने के बाद देवी 11 अक्तूबर की सुबह सिंहासन पर विराजमान होंगी और दोपहर 12 बजे घटस्थापना की जाएगी.
परंपरा के अनुसार तुलजाभवानी की चलमूर्ति वर्ष में तीन बार कुल 21 दिनों तक मंचकी निद्रा लेती है. शारदीय नवरात्रोत्सव से पहले आठ दिन, सीमोल्लंघन के बाद पांच दिन और शाकंभरी नवरात्रोत्सव से पहले आठ दिन देवी मंचकी निद्रा में रहती हैं. मंचकी निद्रा के लिए देवी का पलंग सजाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं. आराधी महिलाएं दिनभर वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच गद्दियों के लिए कपास तैयार करने का पारंपरिक कार्य कर रही हैं. शारदीय नवरात्रोत्सव में महाराष्ट्र के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के तुलजापुर पहुंचने की संभावना है.





