महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश सीमा पर अवैध शराब की भट्टियों पर छापा

ब्राह्मणवाड़ा थड़ी पुलिस ने 1.68 लाख रुपए का कच्चा माल और शराब बनाने का सामान नष्ट किया

अमरावती /दि.3– महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की सीमा से लगे दाभोना और येनखेड़ी गांवों के खेतों में नालियों के किनारे अवैध रूप से हाथभट्टी शराब बनाए जाने की सूचना पर ब्राह्मणवाड़ा थड़ी पुलिस ने छापेमारी कर कार्रवाई की. पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में शराब बनाने के लिए रखा मोहफूल का सड़वा और उपकरण नष्ट किए. कार्रवाई में कुल 1 लाख 68 हजार रुपए का माल नष्ट किया गया.
पुलिस को जानकारी मिली थी कि दोनों गांवों में खेतों की नालियों के किनारे हाथभट्टी शराब तैयार की जा रही है. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत जाधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 अक्टूबर 2026 की सुबह ब्राह्मणवाड़ा थड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के दाभोना और येनखेड़ी गांवों में खेतों में दबिश दी. इस दौरान पुलिस को 200 लीटर क्षमता वाले 8 प्लास्टिक ड्रमों में कुल 1,600 लीटर सडा मोहाफूल मिला. इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है. इसके अलावा करीब 8 हजार रुपए कीमत के शराब बनाने के उपकरण भी बरामद हुए. पुलिस ने पंचनामा कर मौके पर ही सडा मोहाफूल और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को नष्ट कर दिया. इस प्रकार कुल 1 लाख 68 हजार रुपए का माल नष्ट किया गया. पुलिस ने इस कार्रवाई की जानकारी मध्यप्रदेश के संबंधित आठनेर पुलिस थाना को भी दी है. वहां की पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Back to top button