नवरात्रि से पहले चमकाए मां अंबा के गहने

मां अंबा देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रौत्सव की तैयारियां तेज

परंपरानुसार की गई आभूषणों की साफ-सफाई
अमरावती /दि.5– शारदीय नवरात्रि के आगमन से पहले अमरावती के प्रसिद्ध अंबादेवी मंदिर में तैयारियां तेज हो गई है. इसी परंपरा के तहत रविवार 4 अक्तूबर को मां अंबा के बहुमूल्य गहनों की विशेष साफ-सफाई कर उन्हें चमकाया गया. आभूषणों की सफाई के साथ ही मंदिर में नवरात्रि के उत्सव का माहौल बनने लगा है.
मंदिर में हर वर्ष शारदीय नवरात्रि से पहले मां अंबा के गहनों को साफ कर उनकी चमक लौटाई जाती है. रविवार 4 अक्तूबर को भी इसी परंपरा का निर्वहन किया गया. नवरात्रि के दौरान मां अंबा को इन आभूषणों से सजाया जाता है. भक्तों के लिए मां के दिव्य श्रृंगार के दर्शन विशेष आस्था और आकर्षण का केंद्र रहते हैं.
उल्लेखनीय है कि, शारदीय नवरात्रि 12 अक्तूबर से शुरु हो रही है. इस दौरान अंबादेवी मंदिर में लगातार नौ दिनों तक भव्य मेले का आयोजन होता है. अमरावती जिले के साथ ही पूरे महाराष्ट्र से बडी संख्या में श्रद्धालु मां अंबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. भक्त यहां अपनी मनोकामनाएं लेकर आते है और मां के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं. गहनों की सफाई के साथ ही मंदिर में नवरात्रि के स्वागत की तैयारियों ने अब गति पकड ली है.

 

Back to top button