करियर चयन में रुचि और क्षमता को दें प्राथमिकता
शोभाबेन सेठिया इंग्लिश स्कूल में आईसीएआई की अमरावती शाखा का करियर काउंसलिंग सत्र

अमरावती /दि.5– विद्यार्थियों को भविष्य के करियर विकल्पों की जानकारी देने और सही करियर चयन के लिए मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की डब्ल्यूआईआरसी अमरावती शाखा तथा दि गुजराती एजुकेशन सोसायटी के शोभाबेन सेठिया इंग्लिश स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया. इंदिराबेन कापड़िया सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी सहभागिता की.
मुख्य वक्ता सीए श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि करियर का चयन केवल अच्छे अंकों या किसी क्षेत्र की लोकप्रियता के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए. अपनी रुचि, क्षमता, व्यक्तित्व, कौशल और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर निर्णय लेना चाहिए. पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर अवसरों की जानकारी दी और बदलते समय के अनुरूप नए कौशल सीखने तथा स्वयं को निरंतर विकसित करने पर जोर दिया. आईसीएआई के चेयरमैन सीए हर्ष शर्मा ने भी विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता दि गुजराती एजुकेशन सोसायटी के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन सेठ ने की. उन्होंने सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को आवश्यक बताया. सीए राजेश पटेल ने भी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया.
इस अवसर पर स्कूल संयोजक सीए राजेशभाई पटेल, कोषाध्यक्ष भरतभाई भायानी, सदस्य योगेंद्रभाई देसाई, प्रधानाचार्य सपना मेहता, उपप्रधानाचार्य महेंद्र चौधरी, पर्यवेक्षक भाविका गोहिल एवं विद्या वाघेला सहित शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन आरती भाटिया ने किया. दि गुजराती एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. सीए निलेशभाई लाठिया, सचिव संजयभाई सांगानी तथा कार्यकारिणी सदस्यों ने आयोजन के लिए शिक्षकों की सराहना की.





