वंचित आघाडी के गाजी जाहेरोश का पर्चा रिजेक्ट

शिक्षक मतदार संघ

* 30 उम्मीदवार मैदान में कायम
* आघाडी ने दिए हाईकोर्ट जाने के संकेत
अमरावती /दि.7- अमरावती विभाग शिक्षक मतदार संघ में मंगलवार को नामांकन पत्र दायर करने पश्चात आज चुनाव अधिकारियों ने उनकी पडताल की. 31 उम्मीदवारों ने 50 पर्चे दाखिल किए थे. संपूर्ण छानबीन के बाद अधिकारियों ने एकमात्र पर्चा खारिज किए जाने की जानकारी दी. यह पर्चा वंचित बहुजन आघाडी के उम्मीदवार गाजी जाहेरोश का रहा. आघाडी की ओर से चुनाव अधिकारियों के निर्णय को उच्च न्यायालय में ललकारने की बात कहीं गई है.
छपते-छपते मिली जानकारी के अनुसार गाजी जाहेरोश का नामांकन किस आधार पर रद्द किया गया, यह तत्काल पता नहीं चल पाया था. चुनाव अधिकारियों ने बताया कि, अब मैदान में 30 उम्मीदवार कायम है. अधिकारियों ने बताया कि, शेष 30 उम्मीदवारों के द्वारा भरे गए सभी पर्चे बराबर पाए गए. अनेक उम्मीदवारों ने एक से अधिक नामांकन सेट प्रस्तुत किए है. तथापि उम्मीदवार कल और परसों 8-9 अक्तूबर को अपने नामांकन पीछे ले सकते हैं. उसके बाद ही चुनावी तस्वीर स्पष्ट होगी. बता दें कि, अमरावती सीट पर तगडा मुकाबला देखने मिल सकता है.
उल्लेखनीय है कि, लगभग 34 हजार वोटर्स शिक्षक मतदार संघ में है, जिन्हें आगामी 23 अक्तूबर को अपने मताधिकार का प्रयोग कर उच्च सदन के लिए अपना प्रतिनिधि चुनना है. शिंदे सेना से निवर्तमान विधायक किरण सरनाईक उम्मीदवार है. वहीं शिवसेना यूबीटी ने प्रा. दत्तात्रय लहाने, कांग्रेस ने प्रा. अदिति पोहरे, विमाशि ने दिलीप कडू, युवा स्वाभिमान ने एड. प्रियंका रेवणे को मैदान में उतारा है. पूर्व विधायक प्रा. श्रीकांत देशपांडे, बीजेपी नेता शेखर भोयर, बीजेपी नेत्री संगीता शिंदे आदि सहित कुल 30 उम्मीदवारों ने दावा किया है. जिससे इलेक्शन रोचक हो गया है. सभी अपनी-अपनी शक्ति के दावे कर रहे हैं. इस बीच कहा जा रहा है कि, दो दिन मान-मनोवल का प्रयास चलेगा. यह देखना रोचक होगा कि, भाजपा अपने बागी उम्मीदवारों को कदम पीछे लेने में सफल होती है, या नहीं.

Back to top button