सिंहस्थ में विदेशी संस्थाओं पर रोक की मांग

स्वनाथ परिषद की अखिल भारतीय कार्यशाला में अनाथ बच्चों के हित में प्रस्ताव पारित

अमरावती/दि.8 – विश्व मांगल्य स्वनाथ परिषद की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यशाला का समापन सम्राट विक्रमादित्य भवन में हुआ. अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों के कल्याण के लिए आयोजित कार्यशाला में देशभर से आए कार्यकर्ताओं को बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, संस्कार, स्वावलंबन और स्वरोजगार के विषय में प्रशिक्षण दिया गया.
कार्यशाला में आगामी सिंहस्थ कुंभ के दौरान गुम होने वाले अथवा अनाथ बच्चों के लिए किसी भी विदेशी स्वयंसेवी संस्था या विदेशी कंपनी को कार्य करने की अनुमति नहीं देने का प्रस्ताव पारित किया गया. परिषद ने इस दिशा में हरसंभव प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया. कार्यशाला का शुभारंभ 2 अक्टूबर को प्रशांत हरतालकर, सुधीर गोयल, अंजलि देव और नीरज चौधरीकर ने दीप प्रज्वलित कर किया. विशेषज्ञों ने फॉस्टर केयर, दत्तक प्रक्रिया सहित विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया. कार्यकर्ताओं ने सेवाधाम आश्रम का भी भ्रमण कर प्रत्यक्ष कार्य का अनुभव प्राप्त किया. इस दौरान स्वनाथ सहायता केंद्र, रोजगार केंद्र, सेवा सहायता केंद्र, अनुसंधान केंद्र और इंटर्नशिप शुरू करने की आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई. कार्यशाला का समापन विश्व मांगल्य सभा की अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख पूजा पाठक ने किया. कार्यकर्ताओं ने प्राप्त मार्गदर्शन को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया.

Back to top button