जिलाधिकारी की मौजूदगी में सोयाबीन फसल कटाई प्रयोग

तलखंडा में खेत पर हुआ प्रयोग, प्रति हेक्टेयर 6.26 क्विंटल उत्पादन दर्ज

अमरावती/दि.8 – राज्य की प्रमुख फसलों के उत्पादन का अनुमान और वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए कृषि, राजस्व एवं जिला परिषद विभाग द्वारा फसल कटाई प्रयोग किए जा रहे हैं. इसी क्रम में बुधवार को अमरावती तहसील के तलखंडा में जिलाधिकारी आशिष येरेकर की उपस्थिति में सोयाबीन फसल कटाई प्रयोग किया गया.
तलखंडा निवासी किसान प्रवीण ढोरे के खेत में किए गए इस प्रयोग में निर्धारित प्लॉट से 3.130 किलो सोयाबीन का उत्पादन प्राप्त हुआ. इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर 6.26 क्विंटल उत्पादन दर्ज किया गया. फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग जिले के औसत उत्पादन का निर्धारण, पैसेवारी तय करने तथा फसल बीमा योजना के लिए किया जाता है. इसलिए इन प्रयोगों को कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है.

* 126 में से 51 प्रयोग पूरे
अमरावती तहसील में सोयाबीन के कुल 126 नियोजित फसल कटाई प्रयोगों में से अब तक 51 प्रयोग पूरे किए जा चुके हैं. शेष प्रयोग भी निर्धारित मार्गदर्शक सूचनाओं के अनुसार समय पर पूर्ण किए जाएंगे, यह जानकारी कृषि विभाग की ओर से दी गई. फसल कटाई प्रयोग के दौरान जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने खेत में फसल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने उत्पादन की संभावित स्थिति के साथ ही किसानों की समस्याओं और फसल संबंधी अड़चनों की भी जानकारी ली. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फसल कटाई प्रयोग सटीक, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए. इस अवसर पर जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी राहुल सातपुते, उपविभागीय अधिकारी अनिल भटकर, पंकज चेडे, तहसीलदार विजय लोखंडे, तहसील कृषि अधिकारी प्रशांत गुल्हाने, गट विकास अधिकारी, कृषि एवं राजस्व विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी, ग्रामस्तरीय समिति के सदस्य, इफ्को टोकियो बीमा कंपनी के प्रतिनिधि तथा स्थानीय किसान उपस्थित थे.

Back to top button