पानी छोडने के विवाद पर सरकारी कर्मचारी पर हमला
पथ्रोट थाना क्षेत्र के काकडा ग्राम की घटना

पथ्रोट /दि.8 – अचलपुर तहसील के काकडा ग्राम में पानी छोडने के लिए हुए विवाद पर से ग्राम पंचायत कर्मचारी के साथ मारपीट किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. शिकायत के आधार पर पथ्रोट पुलिस ने काकडा ग्राम निवासी विक्की जीतेंद्र सोनुकले (25) के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक सदानंद आनंदराव झोले (55) यह ग्रामपंचायत कर्मचारी है. मंगलवार 6 अक्तूबर को सुबह 9 बजे काकडा के साप्ताहिक बाजार में यह घटना घटित हुई. आरोप है कि, विक्की सोनुकले शिकायतकर्ता के पास पहुंचा और गांव में छोडा जा रहा पानी बंद करने के लिए कहा. आरोपी ने बताया कि, वह अपने खेत में पराटी की फसल को पानी देने जाता है. शिकायतकर्ता ने उसे सरपंच और बोअर के मालिक से चर्चा कर पानी शुरु करने की बात कही और अगले दिन खेत में पानी शुरु करने कहा. आरोप है कि, इस बात से नाराज होकर आरोपी ने गालीगलौज करनी शुरु कर दी और हाथ में रखे लोहे के पाने से शिकायतकर्ता के बाएं हाथ की कोहनी, दाएं पैर और पेट पर वार किया. हमले में शिकायतकर्ता के बाएं हाथ में सूजन आ गई और हाथ अकडने जैसा महसूस होने की बात शिकायत में कही गई है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि, आरोपी ने उसके शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की और मारपीट की. इस मामले में पथ्रोट थाने में मामला दर्ज किया गया है.





