अमरावती में चाकूबाजी की दो वारदातों से दहशत

दो भाइयों और एक छात्र पर जानलेवा हमला, आरोपी फरार

* सागर नगर में नशेड़ियों को रोकने पर दो भाइयों पर वार
* पलाश लाइन में बीबीए छात्र की पीठ पर मारा चाकू
अमरावती /दि.10- अमरावती शहर में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं से कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. खोलापुरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र के सागर नगर में दो भाइयों पर चाकू से हमला किया गया, जबकि गाडगे नगर पुलिस थाना क्षेत्र की पलाश लाइन में लाइब्रेरी से लौट रहे 19 वर्षीय बीबीए छात्र पर चाकू से वार किया गया. दोनों घटनाओं में घायल युवकों का उपचार किया गया. पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने के बाद फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
खोलापुरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र के सागर नगर में घर के पास नशा कर रहे कुछ युवकों को रोकने पर विवाद बढ़ने के बाद युवकों ने मिलकर दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया और घटनास्थल से फरार हो गए. इस हमले में नसीब खान बुरहान खान (32) और असलम खान बुरहान खान (30) बुरी तरह घायल हो गये. दोनों भाइयों पर चाकू से वार किए गए, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. घर के आसपास नशा करने वालों को रोकना इतना खतरनाक साबित होगा, इसकी कल्पना भी घायलों ने नहीं की होगी.
* पलाश लाइन में बीबीए छात्र पर जानलेवा हमला
चाकूबाजी की दूसरी घटना गाडगे नगर पुलिस थाना क्षेत्र के पलाश लाइन इलाके में हुई. यहां लाइब्रेरी से अपने कमरे की ओर जा रहे 19 वर्षीय आदित्य इंगले पर दो मोटर साइकिल पर सवार पांच युवकों ने आदित्य की पीठ पर चाकू से वार किया. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. हमले में घायल आदित्य की पीठ पर चाकू के हमले के गहरे निशान है. आदित्य बीबीए की पढ़ाई के लिए किराए के कमरे में रहता है. वह मूल रूप से मूर्तिजापुर क्षेत्र के सोनोरी-दापोरी का निवासी बताया गया है. पढ़ाई के बाद लाइब्रेरी से अपने कमरे की ओर लौटते समय हुई इस घटना से विद्यार्थियों में खलबली मच गई है.
* पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने के बाद फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. हमलों के पीछे के कारणों, आरोपियों की पहचान और घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

Back to top button