विवांता इन्फिनिटी प्रोजेक्ट के काम ने पकड़ी रफ्तार

संचालक प्रमोद राठोड और राजेश मिश्रा का दावा

* कहा – आर्थिक स्थिति सुधरने के बाद निर्माण कार्य तेज
* अगले 6 से 8 माह में प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य
* पहले निवेश कर चुके फ्लैटधारकों को पजेशन देना शुरू
* तीन फ्लैटों में इंटीरियर का काम जारी
* निवेशकों से संवाद के लिए कोर कमेटी गठित
अमरावती/दि.10 – पुराने बियाणी चौक से आगे विद्यापीठ रोड पर स्थित विवांता इन्फिनिटी प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. कुछ तकनीकी और आर्थिक दिक्कतों के चलते पिछले डेढ़-दो वर्षों से सुस्त पड़े इस प्रोजेक्ट का काम अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. अगले छह से आठ महीनों में निर्माण कार्य पूरी तरह से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है. यह जानकारी विवांता इन्फिनिटी प्रा. लि. के संचालक प्रमोद राठोड और राजेश मिश्रा ने पत्रवार्ता में दी.
दोनों संचालकों के अनुसार, वर्ष 2022 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट में करीब 60 हजार वर्गफीट क्षेत्र में 15 मंजिला दो टॉवरों का निर्माण प्रस्तावित है. लगभग 2.50 लाख वर्गफीट के कुल निर्माण क्षेत्र वाले इस प्रोजेक्ट में 135 आवासीय और 55 व्यावसायिक इकाइयां शामिल हैं. अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस प्रोजेक्ट को शुरुआत में निवेशकों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला था. देखते ही देखते करीब 60 प्रतिशत इकाइयों की बुकिंग भी हो गई थी. निवेशकों को उम्मीद थी कि वे इस प्रोजेक्ट में अपना स्वयं का आशियाना बना सकेंगे.
पत्रवार्ता में बताया गया कि करीब दो वर्ष पहले कंपनी के एक संचालक के अलग हो जाने से प्रोजेक्ट के सामने आर्थिक और अन्य तकनीकी दिक्कतें पैदा हो गई थीं. इसके चलते निर्माण कार्य की गति धीमी पड़ गई थी. अब शहर के जाने-माने उद्योजक राजेश मिश्रा के कंपनी में संचालक और भागीदार के रूप में जुड़ने से कंपनी को नई आर्थिक ताकत मिली है. संचालकों का कहना है कि कंपनी की आर्थिक स्थिति में सुधार आने के साथ ही निर्माण कार्य को दोबारा गति दी गई है.
दोनों संचालकों ने बताया कि प्रोजेक्ट के फ्लैटधारकों को पजेशन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. फिलहाल तीन फ्लैटों में इंटीरियर का काम चल रहा है. शेष फ्लैटों की बुकिंग भी फिर से शुरू की गई है. पुराने निवेशकों के लिए फ्लैटों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि नई बुकिंग कराने वालों के लिए वर्तमान बाजार भाव के अनुसार कीमतें तय की गई हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदने के इच्छुक ऐसे लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो वास्तव में विवांता इन्फिनिटी में रहना चाहते हैं. संचालकों के मुताबिक, उनका उद्देश्य प्रोजेक्ट को पूरा कर निवेशकों का भरोसा कायम रखना है.
पत्रवार्ता में यह भी बताया गया कि, बिल्डर कंपनी और निवेशकों के बीच संवाद बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा के लिए एक कोर कमेटी का गठन किया गया है. इसमें वरिष्ठ पत्रकार विवेक मराठे और एड स्क्वेयर के संचालक रवि इंगले शामिल हैं. दोनों सदस्य पत्रवार्ता में भी उपस्थित थे. विवांता इन्फिनिटी के संचालक प्रमोद राठोड और राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रोजेक्ट को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने विवांता इन्फिनिटी को भरोसे और विश्वास का प्रतीक बताते हुए निवेशकों के साथ किए गए वादों को पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई.

Back to top button