1709 दुर्गा और 289 शारदा मंडल
अमरावती ग्रामीण में पुलिस यंत्रणा सज्ज

* 1700 अंमलदार और 28 अधिकारी मुस्तैद
* एसआरपी की एक और दंगा नियंत्रण के तीन पथक
अमरावती /दि.10– कल से शुरु हो रहे नवरात्रि उत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित करने के वास्ते अमरावती ग्रामीण पुलिस ने व्यापक पुलिस बंदोबस्त तैनात किया है. जिसमें 28 बडे अधिकारी, 117 उपनिरीक्षक के अलावा 1700 अंमलदार तैनात किए जाने की जानकारी एसपी निकेतन कदम ने दी. उन्होंने बताया कि, दंगा नियंत्रण पथक सहित राज्य आरक्षी पुलिस बल की भी एक टुकडी मुस्तैद की गई है. पुलिस प्रशासन संपूर्ण नवरात्रौत्सव हर्षोल्लास और शांति से संपन्न कराने तत्पर है.
पुलिस प्रशासन ने बताया कि, जिले में 1709 दुर्गा और 289 शारदा मंडल में देवी स्थापना होनी है. एक गांव, एक दुर्गा अभियान 395 ग्रामों में क्रियान्वित है. अत: पुलिस सभी प्रकार की सावधानी बरत रही है. बंदोबस्त तैनात किए जा रहे है. अपर पुलिस अधीक्षक 1, उपविभागीय पुलिस अधिकारी 7, निरीक्षक 20, उपनि 117, अंमलदार 1700, दंगा नियंत्रण 3 पथक, त्वरीत कार्रवाई बल और एसआरपीएफ की एक कंपनी तैनात की गई है. 700 पुरुष और 180 महिला होमगार्ड की भी सेवा ली जा रही है. 20 अंमलदार केवल यातायात प्रबंधन देखेंगे. विसर्जन मार्ग, भीड नियंत्रण और मिश्रित बस्तियों में सीसीटीवी लगाकर एवं आधुनिक ड्रोन कैमरा से आकाश से भी तकनीकी देखरेख एवं कडी निगरानी की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, दुर्गा-शारदा मंडलों को ध्वनी प्रदूषण नियम में कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों का कडाई से पालन करने कहा गया है. उसी प्रकार सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी रहेगी. प्रक्षोभक पोस्ट, आपत्तिजनक गाने, सामग्री फॉरवर्ड करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है. पुलिस की विशेष गरुड दृष्टि सायबर मॉनिटरिंग टीम 24 घंटे कार्यरत रहेगी.





