नालवाडा ग्राम में घर में घुसकर व्यक्ति की हत्या
कुछ ही घंटों में मुख्य सूत्रधार दबोचा गया

* दर्यापुर तहसील की घटना, ग्रामीण अपराध शाखा की कार्रवाई
अमरावती/दि.10 – दर्यापुर तहसील के नालवाडा ग्राम में घर में घुसकर दीपक आत्माराम उमेकर (45) नामक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपी को ग्रामीण अपराध शाखा ने 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी का नाम सुमित हीरालाल उर्फ हरिश दांडगे (19) है.
जानकारी के मुताबिक शनिवार 10 अक्टूबर को सुबह दर्यापुर तहसील के नालवाडा ग्राम में दीपक उमेकर की उसी के घर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने चाकू घोंपकर हत्या की रहने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमें में हडकंप मच गया था. घटनास्थल पर खल्लार के थानेदार अमोल मुले अपने दल के साथ तत्काल पहुंच गये थे. वहीं ग्रामीण अपराध शाखा के निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में पुलिस का दल घटनास्थल पर पहुंच गया. हत्याकांड के बाद आरोपी फरार था. ग्रामीण अपराध शाखा का दल मामले की जांच कर रहा था, तब पता चला कि, मृतक के पडोस में रहने वाले सुमित दांडगे ने ही दीपक उमेकर की हत्या की है और वह भाग गया है. तब पुलिस ने उसकी सरगर्मी से तलाश शुरु की. घटना के 4 घंटे के भीतर आरोपी सुमित दांडगे को वलगांव में दबोच लिया गया. उससे पूछताछ करने पर शुुरुआत में उसने टालमटोल जवाब दिये. पश्चात कडी पूछताछ में उसने घटना की कबूली दी.
* मृतक से था पुराना विवाद
आरोपी सुमित दांडगे का मृतक दीपक उमेकर के साथ पुराना विवाद था. इसी पुराने विवाद के चलते 9 अक्टूबर की देर रात 2 बजे के दौरान सुमित दांडगे अपने मौसेरे नाबालिग भाई के साथ दीपक उमेकर के घर में घुसा और गहरी नींद में सो रहे दीपक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. इस आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए खल्लार पुलिस के हवाले कर दिया गया है. यह कार्रवाई एलसीबी निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में खल्लार के थानेदार अमोल मुले, एपीआई संतोष गुर्जर, पीएसआई सागर हटवार, सतीश झाल्टे, पवार, जवान मंगेश लकडे, सचिन मसांगे, सागर धापड, अजय डहाके, विजय निमखडे, हर्षल काले, प्रताप दीवेकर, प्रज्वल राउत के दल ने की.





