आईटी इंजीनियर बेटे ने गला घोंटकर की मां को उतारा मौत के घाट
गाडगेनगर थाना क्षेत्र के गजानन प्लाजा परिसर की घटना

* आरोपी गिरफ्तार, घरेलू विवाद के चलते वारदात की आशंका
अमरावती/दि.10 – गाडगेनगर पुलिस थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित गजानन प्लाजा परिसर में एक बेटे द्वारा अपनी ही मां की गला घोंटकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई है. मृतका की पहचान रंजना सतीश कानफडे (65) के रूप में हुई है. इस मामले में पुलिस ने उनके बेटे तुषार सतीश कानफडे को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी तुषार पेशे से आईटी इंजीनियर है. वह पुणे में रहकर फ्रांस की एक बहुराष्ट्रीय आईटी कंपनी में काम करता है. घर से काम करने की व्यवस्था के चलते वह कभी-कभी अमरावती स्थित अपने घर भी आता था. बताया जाता है कि उसे प्रतिमाह करीब 1 लाख 20 हजार रुपये वेतन मिलता है. तुषार का एक बड़ा भाई भी है, जो अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मोर्शी में रहकर खेती करता है. वहीं, तुषार के पिता की काफी समय पहले आत्महत्या से मृत्यु हो चुकी है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मां और बेटे के बीच संबंध अच्छे नहीं थे. दोनों के बीच घरेलू विवाद को लेकर आए दिन झगड़े होने की बात सामने आई है. हालांकि, इसी विवाद के चलते हत्या की गई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. गाडगेनगर पुलिस ने आरोपी बेटे तुषार कानफडे को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.





