एमपीएससी अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सतीश वाघोले को

विवेक भीमनवार के लंबी छुट्टी पर जाने के बाद राज्यपाल का निर्णय

आयोग में सदस्य बने वाघोले पर एक महीने के भीतर बड़ी जिम्मेदारी
मुंबई /दि. 17- महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सतीश वाघोले को सौंपा गया है. आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार के लंबी छुट्टी पर जाने के बाद राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने यह निर्णय लिया. राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है.
* पेपर लीक प्रकरण के बाद भीमनवार छुट्टी पर
एमपीएससी के माध्यम से आयोजित अन्न एवं औषधि प्रशासन विभाग की औषधि निरीक्षक पद की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों में नाराजगी फैल गई थी. इस कथित गड़बड़ी के विरोध में पुणे में विद्यार्थियों ने जोरदार आंदोलन किया और आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार के इस्तीफे की मांग उठाई थी. इसके बाद प्रश्नपत्र लीक प्रकरण की न्यायिक जांच की घोषणा की गई. मामले की जांच पूरी होने तक छुट्टी पर जाने का निर्णय भीमनवार ने लिया है. इसी के चलते अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार वाघोले को सौंपा गया है.
* आयोग में शामिल होने के एक महीने के भीतर बड़ी जिम्मेदारी
सतीश वाघोले सितंबर 2026 में ही एमपीएससी में सदस्य के रूप में शामिल हुए थे. अब एक महीने के भीतर पैदा हुई अप्रत्याशित परिस्थिति में उन्हें अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवालों के बीच उनके सामने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी.

Back to top button