अमरावती में 20 करोड का साइकिल ट्रैक

विधायक रवि राणा के विशेष प्रयास

* ओलंपिक लेवल का आधुनिक स्टेडियम भी
अमरावती/दि.30- अमरावती शहर के खेल विकास की दृष्टि से राज्य सरकार ने अत्यंत महत्वपूर्ण ऐतिहासिक निर्णय लिया है. विधायक रवि राणा के विशेष प्रयासों से अमरावती में 20 करोड़ रुपये की निधि से ओलंपिक स्तर का साइकिल ट्रैक और अत्याधुनिक स्टेडियम बनाया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्रजी फडणवीस ने हरी झंडी दे दी है, जिससे अमरावती शहर के खेल क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी.अमरावती शहर के युवक-युवतियों में खेल के प्रति बड़ा उत्साह है.
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक रवि राणा ने शासन स्तर पर लगातार फालोअप लिया. उनके अथक प्रयासों के कारण आखिरकार इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है.इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय दर्जे का साइकिल ट्रैक, खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएँ, दर्शक गैलरी, प्रशिक्षण केंद्र, रनिंग ट्रैक तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके माध्यम से अमरावती जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का बड़ा अवसर मिलेगा. इसके साथ ही अमरावती शहर खेल के क्षेत्र में राज्य के अग्रणी शहर के रूप में उभरेगा और युवाओं में खेल को लेकर सकारात्मक माहौल बनेगा. साथ ही भविष्य में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को भी इस प्रोजेक्ट से बढ़ावा मिलेगा.
इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सकारात्मक रुख अपनाकर मंजूरी दी, इसके लिए आ. रवि राणा ने उनका मनपूर्वक आभार व्यक्त किया है. इस अवसर पर अमरावती सायक्लीन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर कुलकर्णी, सचिव अतुल कलमकर, ह. व्या. प्रसारक मंडळ के सचिव लक्ष्मीकांत खंडागले, सहसचिव श्रीराम देशपांडे, डॉ. सुमिता डफले, राजीव देशमुख, देशमुख मैडम और कुणाल गुप्ता उपस्थित थे.

Back to top button