जून माह में बाजार में आएगी 100% इथेनॉल से चलने वाली कार

पेट्रोल महंगाई की चिंता खत्म

* नितिन गडकरी का जन्मदिन पर देशवासियों खास तोहफा
नागपुर/दि.29- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने 69वें जन्मदिन के अवसर पर पेट्रोल के बढ़ते दामों को लेकर बड़ी घोषणा की है. उन्होंने कहा कि जून महीने में बाजार में ऐसी नई कार आने वाली है, जो 100 प्रतिशत इथेनॉल पर चलेगी. उनका दावा है कि इससे पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी और महंगाई की चिंता भी घटेगी. जन्मदिन के मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए गडकरी ने कहा कि भारत हर साल लगभग 22 लाख करोड़ रुपये का कच्चा तेल आयात करता है, जिससे देश का भारी धन विदेश चला जाता है. यदि इस आयात को कम किया जाए तो वही पैसा देश में रोजगार और विकास कार्यों में लगाया जा सकता है.
उन्होंने बताया कि पेट्रोल के विकल्प के रूप में इथेनॉल का उपयोग बढ़ाना जरूरी है. इसी दिशा में मारुती सुझुकी ने 100 प्रतिशत इथेनॉल से चलने वाली कार तैयार की है, जो जून महीने में बाजार में लॉन्च होने वाली है. गडकरी ने यह भी जानकारी दी कि नागपुर महानगरपालिका ने कचरे से सीएनजी बनाने का एक बड़ा प्रोजेक्ट तैयार किया है. जून में इस परियोजना का उद्घाटन प्रस्तावित है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित करने पर विचार किया जा रहा है. इस प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रतिदिन 22 टन सीएनजी तैयार की जाएगी.
अपने जन्मदिन पर गडकरी ने कई संकल्प भी व्यक्त किए. उन्होंने कहा कि नागपुर में एक लाख युवाओं के अभ्यास की क्षमता वाला बड़ा खेल मैदान तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा किसानों की आत्महत्या रोकने और उनकी आय बढ़ाने के लिए जैविक खेती को बढ़ावा देने पर काम किया जाएगा. पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी गडकरी ने बड़ा संकल्प लिया. उन्होंने कहा कि इथेनॉल और सीएनजी वाहनों का उपयोग बढ़ने से पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी. साथ ही विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग से 25 लाख पेड़ लगाए जाएंगे

Back to top button