रहाटगांव में 31 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
पत्रवार्ता में दी गई आयोजन की जानकारी

अमरावती/दि.29 – श्रावण मास के पावन अवसर पर रहाटगांव में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. कांवड़ मंडल रहाटगांव द्वारा आयोजित यह यात्रा 31 अगस्त को दोपहर 3.30 बजे श्री सिद्धेश्वर महादेव स्वयंभू मंदिर से प्रारंभ होकर प्राचीन त्र्यंबकेश्वर (तीन पिंडी) महादेव देवस्थान तक निकाली जाएगी. इस आशय की जानकारी आज आयोजकों द्वारा यहां बुलाई गई पत्रवार्ता में दी गई.
पत्रवार्ता में बताया गया कि, कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति श्रद्धा, भक्ति, संयम, संकल्प और सामाजिक एकता का प्रतीक है. श्रावण मास में शिवभक्त पवित्र जल लेकर भगवान महादेव का अभिषेक करते हैं और इसी भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यात्रा का आयोजन किया जाता है. यात्रा का शुभारंभ श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आरती एवं पूजन के साथ होगा. इस अवसर पर श्री मंगलामाता, श्री क्षेत्र तलेगांव मोहना (ता. चांदूरबाजार) के दर्शन का भी लाभ श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा. कार्यक्रम में पूर्व सांसद अनंतराव गुढे सहित विभिन्न मान्यवरों की उपस्थिति रहने की संभावना है. यात्रा के दौरान श्रद्धालु रहाटगांव स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन एवं आरती करेंगे. इनमें सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, रामदास स्वामी मंदिर, हनुमान मंदिर प्लॉट, गजानन महाराज मंदिर, जगदीश भगवान मंदिर, शंकर मंदिर, पन्हालेश्वर महादेव मंदिर तथा अंतिम पड़ाव के रूप में रहाटगांव परिसर स्थित प्राचीन त्र्यंबकेश्वर (तीन पिंडी) महादेव मंदिर शामिल हैं.
आयोजन समिति के अनुसार विभिन्न मंदिरों में मान्यवरों एवं धर्मगुरुओं के हस्ते आरती एवं पूजन संपन्न होगा. ह.भ.प. दत्तात्रय रघुनाथराव देवघरे तथा ह.भ.प. निखिल चंद्रशेखर देवघरे के हस्ते विशेष आरती भी आयोजित की जाएगी. यात्रा के समापन पर रहाटगांव परिसर स्थित त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उसल महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा. आयोजकों ने बताया कि कांवड़ यात्रा का प्रमुख संदेश भक्ति, सामाजिक समरसता, अनुशासन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण है. उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखें, प्लास्टिक एवं कचरे का उपयोग न करें तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें.
कांवड़ मंडल रहाटगांव ने सभी शिवभक्तों से परिवार सहित बड़ी संख्या में उपस्थित होकर यात्रा को सफल बनाने और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ इस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है. पत्रवार्ता में प्रतिक जैस्वाल, छाया पाथरे, गजेंद्र पाथरे, चंद्रशेखर गिरी, विनोद मंडालकर, गणेश देवघरे की उपस्थिती रही.





