चिप्स के पैकेट से खुला रेप और हत्या का राज

एआई तकनीक की मदद से नागपुर पुलिस ने 10 दिन में दबोचा आरोपी

नागपुर /दि.8 – नागपुर में एक भिक्षावृत्ति करने वाली महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से खुलासा कर दिया है. घटनास्थल पर मिले चिप्स के पैकेट के एक छोटे से टुकड़े ने जांच को नई दिशा दी और आखिरकार पुलिस ने 10 दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुधाकर मंडपे के रूप में हुई है. वह विवाहित है और उसके खिलाफ करीब 21 वर्ष पहले एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला भी दर्ज हो चुका है.
* चिप्स के पैकेट से मिली अहम कड़ी
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से चिप्स के पैकेट का एक टुकड़ा मिला. इसके आधार पर पुलिस ने क्षेत्र के चिप्स वितरकों से पूछताछ की और हाल के दिनों में हुई बिक्री तथा ऑनलाइन भुगतान की जानकारी जुटाई. इस सुराग के आधार पर जांच पाटनसावंगी से खापरखेड़ा क्षेत्र की ओर बढ़ाई गई.
* 52 हजार मोबाइल नंबर और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद जांच का पूरा रुख बदल गया. पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और लगभग 52 हजार मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया.
* एआई तकनीक बनी जांच का अहम हथियार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार के मार्गदर्शन में विशेष जांच दल गठित किया गया. स्थानीय अपराध शाखा, सावनेर, केलवद और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने एआई प्रणाली का उपयोग किया. मृत महिला का चेहरा काफी क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान संभव नहीं हो पा रही थी. ऐसे में तकनीक की सहायता से चेहरे का पुनर्निर्माण किया गया, जिससे जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली. पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और पारंपरिक जांच के संयोजन से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, मृत महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

Back to top button