महाराष्ट्र में दो दिनों में 10 लोगों की मौत

बारिश बनी जानलेवा

* करंट, बहाव और डूबने की घटनाओं से दहशत
मुंबई /दि.8 महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पिछले दो दिनों में अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई. सातारा में करंट लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि गोंदिया, पनवेल, जलगांव और भंडारा में बहने और डूबने की घटनाओं में छह अन्य लोगों ने जान गंवा दी.
* एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
सातारा जिले के फलटण तहसील के खामगांव में घर के बाहर बिजली की तार में करंट आने से किसन शिंदे करंट की चपेट में आ गए. उन्हें बचाने पहुंचे सचिन शिंदे, गंगुबाई शिंदे और आरती शिंदे भी करंट की चपेट में आ गए. चारों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
* पुल पार करते समय बहा व्यक्ति
गोंदिया जिले के आमगांव तहसील में आसोली गांव के पास पुल पर तेज बहाव के दौरान बाइक समेत बह गए रूपचंद प्रेमिलाल बोपचे (43) का शव दो दिन बाद बरामद हुआ. ग्रामीणों ने पुल पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है.
* लापता युवक का शव बांध में मिला
नवी पनवेल के विचुंबे निवासी नयन म्हात्रे, जो 5 जुलाई को तेज पानी के बहाव में लापता हो गए थे, उनका शव 7 जुलाई को गाढेश्वर बांध में मिला. पुलिस, दमकल और एनडीआरएफ की टीम कई दिनों से उनकी तलाश कर रही थी.
* सेल्फी लेने के दौरान तीन किशोरों की मौत
जलगांव जिले के अमलनेर में खदान में सेल्फी लेते समय एक किशोर का पैर फिसल गया. उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य साथी भी गहरे पानी में डूब गए. हादसे में मानव रतनानी (14), कार्तिक उदवानी (14) और दिनेश पंजवानी (17) की मौत हो गई.
* पानी की टंकी में डूबा डेढ़ वर्षीय मासूम
भंडारा जिले के लाखांदूर तहसील के पिंपलगांव कोहली गांव में खेलते समय डेढ़ वर्षीय विहान विकास पोहनकर घर के आंगन में बनी पानी की टंकी में गिर गया. डूबने से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
* प्रशासन की अपील
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि तेज बहाव वाले पुलों, नदियों, खदानों और जलाशयों के पास जाने से बचें. बिजली के तारों और जलभराव वाले क्षेत्रों से भी दूरी बनाए रखें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें.

Back to top button