आंधी-तूफान में खेत में गिरा बिजली का खंभा
बुवाई प्रभावित होने की आशंका

* किसान ने की तत्काल मरम्मत की मांग
अमरावती/दि.15– खरीफ सीजन की तैयारियों और बुवाई का समय शुरू होते ही एक किसान के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है. हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण उसके खेत के बीचों-बीच बिजली का खंभा गिर गया, जिससे खेती के सभी काम ठप पड़ गए हैं और समय पर बुवाई नहीं हो पाने की आशंका पैदा हो गई है.
जानकारी के अनुसार, नांदगांव खंडेश्वर तहसील के मांजरी म्हसला निवासी किसान प्रविण भीमराव वासनिक का अंजनगांव बारी क्षेत्र में सर्वे नंबर 5/3 स्थित 1.74 आर क्षेत्रफल का खेत है. 3 जून को आए तेज तूफान और बारिश के दौरान महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) का एक बिजली का खंभा उनके खेत के ठीक बीच में गिर पड़ा. खेत में खंभा गिरने से ट्रैक्टर और बैलों की मदद से की जाने वाली पूर्व-मशागत की सभी गतिविधियां पूरी तरह रुक गई हैं. किसान का कहना है कि जब तक खंभा हटाया नहीं जाता, तब तक खेत में आगे का कोई भी कृषि कार्य करना संभव नहीं है. इस समस्या को लेकर किसान प्रविण वासनिक ने महावितरण के अंजनगांव बारी स्थित 33/11 केवी उपकेंद्र के कनिष्ठ अभियंता को लिखित आवेदन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
प्रविण वासनिक ने कहा, बुवाई का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है. खेत में बिजली का खंभा गिरने से खेती की तैयारी पूरी तरह रुक गई है. प्रशासन को इस मामले की गंभीरता समझते हुए युद्धस्तर पर खंभे की मरम्मत या उसे हटाने की कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि हमारा आर्थिक नुकसान टल सके. अब किसानों की नजर महावितरण की कार्रवाई पर टिकी है. समय पर खंभा हटाया गया तो किसान बुवाई कर सकेंगे, अन्यथा देरी के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.





