वर्धा में ‘बादल फटने जैसी’ बारिश का खौफनाक नजारा

वरूड बगाजी बांध का वीडियो वायरल, विदर्भ में बाढ़ जैसे हालात

* मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर
* कई पुल डूबे, मौसम विभाग का रेड अलर्ट, प्रशासन ने जारी की चेतावनी
वर्धा/अमरावती/दि.31- महाराष्ट्र में मानसून ने विकराल रूप धारण कर लिया है. विदर्भ सहित राज्य के कई जिलों में लगातार हो रही अतिवृष्टि से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. इसी बीच वर्धा जिले के पुलगांव के निकट स्थित वरूड बगाजी बांध क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बादल फटने जैसी स्थिति दिखाई दे रही है. वीडियो में घने काले बादलों के बीच अचानक मूसलाधार वर्षा का ऐसा दृश्य कैद हुआ है, जिसे देखकर लोग दहशत में आ गए हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में मौसम ने अचानक करवट ली. तेज हवाओं के साथ आसमान पूरी तरह काला पड़ गया और फिर बांध क्षेत्र में अत्यंत तीव्र गति से बारिश शुरू हो गई. वीडियो में ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो आसमान से पानी की दीवार नीचे गिर रही हो. यही कारण है कि लोग इसे बादल फटने जैसी स्थिति बता रहे हैं.
* विदर्भ में बारिश का कहर, कई जिलों में रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने विदर्भ के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है. अमरावती, यवतमाल और नाशिक जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि वर्धा, वाशिम, बुलढाणा और अन्य क्षेत्रों में भी भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है. पिछले 24 घंटों में हुई रिकॉर्ड बारिश के कारण नदियां, नाले और जलाशय तेजी से भर गए हैं. कई छोटे-बड़े बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
* सड़कें टूटीं, पुल बह गए, कई मार्ग बंद
लगातार बारिश के कारण विदर्भ के अनेक हिस्सों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है. वाशिम जिले के मालेगांव तालुका में वाघलूद-हिवरा मार्ग का पुल बह गया, जबकि रिसोड तालुका में पारडी-बेलखेड़ा मार्ग कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा. कई स्थानों पर पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण यातायात रोक दिया गया है. वर्धा, यवतमाल, अमरावती और वाशिम जिलों में ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क कई घंटों तक बाधित रहा. प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन दल तैनात किए गए हैं.
* बांध और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा
वरूड बगाजी बांध सहित विदर्भ के कई जलाशयों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. लगातार हो रही वर्षा के कारण कई नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं. नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है.
* कैमरे में कैद हुआ भयावह दृश्य
वायरल वीडियो उस समय रिकॉर्ड किया गया जब कुछ लोग वरूड बगाजी बांध क्षेत्र में मौजूद थे. अचानक तेज हवाओं और काले बादलों के बीच बारिश का प्रचंड रूप देखकर लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया. कुछ ही क्षणों में पूरा क्षेत्र पानी की चादर से ढंक गया. वीडियो में बारिश की तीव्रता इतनी अधिक दिखाई दे रही है कि कुछ मीटर दूर की वस्तुएं भी नजर नहीं आ रहीं.

Back to top button