थार, पांच महंगे फोन और पांच-पांच सौ की गड्डियां
अयान अहमद का एक और वीडियो वायरल

* इस बार पिस्तौल के साथ दिखा अयान अहमद
अमरावती/दि.20 – कई नाबालिग लडकियों एवं युवतियों का यौन शोषण कर उनके अश्लील व आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करनेवाले अयान अहमद तनवीर अहमद का अब एक और वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है. जिसमें अयान अहमद बेहद महंगी रहनेवाली थार कार में सवार होता और थार को ड्राइव करता हुआ दिखाई दे रहा है. खास बात यह भी है कि, इस वीडियो में जहां कार के भीतर 4 आयफोन व एक अल्ट्राफोन ऐसे 5 बेहद महंगे फोन और पांच-पांच सौ रुपए की गड्डियां रखी दिखाई दे रही है. वही अयान के हाथ में पिस्तौल भी दिखाई दे रही है. इस वीडियो के सामने आते ही अब एक बार फिर जबरदस्त सनसनी मच गई है.
उल्लेखनीय है कि, आज सुबह ही यह वीडियो सोशल मीडिया के जरिए वायरल हुआ. जिसके बाद दोपहर 11 बजे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद की पत्रवार्ता भी आयोजित थी. जिसके चलते मीडिया कर्मियो ने पत्रवार्ता के दौरान एसपी विशाल आनंद से इस बारे में भी सवाल पूछे, तो एसपी विशाल आनंद का कहना रहा कि, उन्हें भी सोशल मीडिया पर अयान अहमद का एक वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली थी. जिसके तुरंत बाद उन्होंने इसकी जांच करने के आदेश जारी किए. जिसके तहत यह पता लगाया जा रहा है कि, उक्त थार वाहन किसका है तथा उसमें रखे आयफोन व नकद पैसे किसके थे. चूंकि अयान अहमद के नाम पर कोई लाईसेंसी हथियार भी नहीं है. इसके चलते यह पता लगाया जा रहा है कि, आखिर उसके पास पिस्तौल जैसा हथियार कैसे पहुंचा. क्या वह किसी अन्य व्यक्ति का लाईसेंसी हथियार था या अवैध हथियार था, इसकी भी पडताल की जा रही है.
* हाईप्रोफाइल व लक्जरी जिंदगी जीता था अयान
– ‘अमरावती मंडल’ ने पहले ही प्रकाशित की थी खबर
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, परतवाडा सेक्स स्कैंडल का मुख्य आरोपी अयान अहमद किसी सेलिब्रिटी की तरह बेहद आलिशान तरीके से हाईप्रोफाइल व लक्जरी जिंदगी जिया करता था. जिसे लेकर दैनिक ‘अमरावती मंडल’ ने ही सबसे पहले विस्तार के साथ समाचार प्रकाशित किया था. जिसमें बताया गया था कि, बेहद मध्यमवर्गीय परिवार से वास्ता रखनेवाला अयान अहमद अपने-आप को आकर्षक दिखाने के लिए अपनी बॉडी गृमिंग पर अच्छा-खासा पैसा खर्च करता था. साथ ही साथ वह बेहद महंगे मोबाइल फोन का प्रयोग करने के साथ ही कहीं पर भी आने-जाने के लिए आलिशान व चमचमाती हुई गाडियों को उपयोग में लाया करता था. उसकी इसी शानो-शौकत और बातचीत करने के आकर्षक अंदाज को देखते हुए कई नाबालिग लडकियां उसके जाल में फंस जाया करती थी. जिन्हें वह एकांत में ले जाकर उनका यौन शोषण करने के साथ ही उनके अश्लील व आपत्तिजनक फोटो-वीडियो निकालकर उन्हें अपने स्नैपचैट अकाउंट पर वायरल किया करता था.





