अमरावती पर सूर्य की वक्रदृष्टि, पारा 45 डिग्री तक पहुंचा
जिला प्रशासन द्वारा ‘हिट वेव’ का अलर्ट जारी

* इस बार तापमान का नया रिकॉर्ड बनने की संभावना
अमरावती/दि.20 – इस समय समूचे विदर्भ क्षेत्र में सूरज मानों आग उगल रहा है तथा तेज धूप व भीषण गर्मी के साथ ही अधिकतम तापमान का स्तर लगातार उपर की ओर उठ रहा है. जिसके चलते इस समय देश के सर्वाधिक गर्म शहरों की सूची में अमरावती व अकोला शहर सबसे उपर है. विशेष तौर पर अमरावती शहर सहित जिले पर सूर्य की मानों वक्रदृष्टि पड रही है. जहां पर तापमान 45 डिग्री के आसपास जा पहुंचा है और अमरावती शहर सहित जिले में शरीर को झुलसा देनेवाली गर्मी पड रही है. जिसे ध्यान में रखते हुए मनपा एवं जिला प्रशासन द्वारा ग्रीष्मलहर को लेकर अलर्ट जारी करने के साथ-साथ उष्माघात से बचाव हेतु नागरिकों के लिए गाइड लाइन व एडवायजरी भी जारी की गई है.
विगत दो-तीन दिनों से अमरावती शहर सहित जिले में तापमान 44 डिग्री सेल्सीअस के स्तर को पार कर चुका है और मौसम विभाग द्वारा जताए गए अनुमान के मुताबिक आगामी 28 अप्रैल तक अमरावती संभाग में कई स्थानों पर अधिक तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सीअस तक जाने की भी संभावना है. जिसके चलते इस समय पूरा विदर्भ क्षेत्र भीषण ग्रीष्मलहर की चपेट में है. जिसे ध्यान में रखते हुए मनपा एवं जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से आवाहन किया गया है कि, वे दोपहर 12 से 4 बजे के दौरान तेज धूप वाले समय घर से बाहर न निकले. विशेष तौर पर छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा बीमार व्यक्तियों ने दोपहर के वक्त घर से बाहर जाना टालना चाहिए, क्योंकि उन्हें उष्माघात का सबसे अधिक खतरा रहता है.
* आज पारा थोडा लुढका, गर्मी से मिली राहत
स्थानीय मौसम विज्ञानी प्रा. अनिल बंड से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि, कल रात जिले के मेलघाट सहित अकोला, वाशिम व बुलढाणा में कुछ स्थानों पर छीटपूट बारिश हुई. साथ ही अमरावती शहर में भी पानी की हलकी फुहारे बरसी. जबकि आज सुबह वातावरण कुछ हद तक बदरीला रहा. जिसके चलते धूप की तीव्रता कम रही और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सीअस के आसपास रहा. जिससे विगत दो-तीन दिनों की तुलना में आज धूप की तीव्रता थोडी कम रही तथा गर्मी से थोडीबहुत राहत मिली * 65 वर्षीय व्यक्ति की आकस्मिक मौत
– उष्माघात से मृत्यु की आशंका
गत रोज सुबह स्थानीय जिला परिषद कार्यालय के पास किशोर शंकरराव वासनिक नामक 65 वर्षीय व्यक्ति की आकस्मिक मौत हो गई. जिप मुख्यालय के सामने एक व्यक्ति अचेत पडा दिखाई देने परिसरवासियों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पश्चात पुलिस ने पंचनामा करते हुए उस व्यक्ति की पहचान किशोर वासनिक के तौर पर की. प्राथमिक जांच में ही स्पष्ट हो गया था कि, किशोर वासनिक की मौत हो चुकी है. जिसके चलते शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला सामान्य अस्पताल भिजवाया गया. जहां से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार किया जा रहा है. अनुमान जताया जा रहा है कि, किशोर वासनिक की मौत संभवत: उष्माघात के चलते हुई है. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.





