जुआ, सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन और गांजा पीने वालों पर कार्रवाई
अमरावती क्राइम ब्रांच का विशेष अभियान

अमरावती/दि.6– अमरावती शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में शहरभर में विशेष अभियान चलाकर जुआ, अवैध शराब कारोबार, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन तथा नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की. अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल कई आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ अधिनियम, महाराष्ट्र निषेध अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए.
क्राइम ब्रांच ने नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के इतवारा मार्केट स्थित एक दुकान पर छापा मारकर अहेफाज अली हैदर अली (29), सारंग नामदेव सांभे (19) और करण रविंद वाकोडे (21) को जुआ खेलते हुए पकड़ा. पुलिस ने मौके से जुआ सामग्री सहित 27,230 रुपये नकद जब्त किए. आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 4 एवं 5 के तहत मामला दर्ज किया गया. वहीं गाडगे नगर थाना क्षेत्र के नवसारी में करण अशोक वरघाट (42) को वर्ली मटका जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से जुआ सामग्री और 1,210 रुपये नकद बरामद किए गए. उसके खिलाफ महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12(ए) के तहत कार्रवाई की गई.
* अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई
गाडगे नगर थाना क्षेत्र के नवसारी में धर्मपाल महादेव थुल (45) को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा गया. आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र निषेध अधिनियम की धारा 65(ई) के तहत मामला दर्ज किया गया.
* सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर शिकंजा
विशेष अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए जाने पर तीन लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र निषेध अधिनियम की धारा 85(1) के तहत कार्रवाई की गई. इनमें सुभाष अरुण धाकड़े (31), सतीश काशीनाथ पराठकर (40) तथा सागर भीमराव माहुरे (25) शामिल हैं.
* गांजा सेवन करते युवक पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के चौधरी चौक में शाहरुख सत्तार शाह (20) को सार्वजनिक स्थान पर गांजा पीते हुए पकड़ा गया. उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान
यह विशेष अभियान पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे तथा पुलिस उपायुक्त प्रांजली सोनवणे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-1 एवं यूनिट-2 की टीम द्वारा चलाया गया. अभियान में क्राइम ब्रांच के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया.





