गुप्त धन की तलाश में अघोरी पूजा, छह आरोपी गिरफ्तार

वडगांव पुलिस की वरुड-कारेगांव मार्ग पर कार्रवाई

यवतमाल/दि.27- आधुनिक दौर में भी अंधविश्वास की घटनाएं सामने आ रही हैं. वडगांव जंगल थाना पुलिस ने शनिवार आधी रात वरुड-कारेगांव रोड पर कार्रवाई करते हुए अघोरी पूजा कर गुप्त धन निकालने की कोशिश कर रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी विकास डांडे मोटर पंप चोरी की बढ़ती घटनाओं के चलते क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे. इसी दौरान कारेगांव शिवरा के पास एक संदिग्ध कार क्रमांक एमएच-01/बीएफ-6026 खड़ी दिखाई दी. तलाशी लेने पर वाहन में अघोरी पूजा से जुड़ा सामान बरामद हुआ. जब्त सामग्री में फावड़ा, अगरबत्ती, ज्वार का आटा, काली गुड़िया, त्रिशूल, रुद्राक्ष माला, नींबू, बाल, सुई, ताबीज और रंगीन धागे शामिल हैं. पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे जमीन में दबे कथित गुप्त धन को निकालने के लिए यह पूजा कर रहे थे.
पुलिस ने अशोक रामधन राठौड़ (50), रितेश रवि भगत (19), लिलेश्वर विश्वनाथ बावने (26), कुंदन दारासिंह राठौड़ (28), वीरेंद्र रमेश गायकवाड़ (35) और केशव राठौड़ (50) को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी वाशिम और आर्णी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, अपवित्र और अघोरी प्रथाएं व जादूटोना निवारण अधिनियम, 2013 की धारा 3(1)(2)(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस को मौके से महिलाओं की तस्वीरें, बाल और अघोरी पूजा में इस्तेमाल होने वाला पांच धातु का कंगन भी मिला है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वीरेंद्र गायकवाड़ इस कथित अनुष्ठान का मुख्य संचालक था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

Back to top button