दर्यापुर के थानेदार के रुप में अजीत राठोड ने संभाला पदभार
सुनील वानखडे का हुआ अकोला तबादला

दर्यापुर /दि.9– दर्यापुर पुलिस स्टेशन के कर्तव्यनिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील वानखड़े का हाल ही में अकोला स्थानांतरण होने के बाद उनके स्थान पर अनुभवी, अनुशासनप्रिय तथा जनता के बीच सकारात्मक छवि रखने वाले पुलिस निरीक्षक अजीत राठोड ने दर्यापुर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक पद का कार्यभार ग्रहण किया है.
पुलिस निरीक्षक सुनील वानखड़े ने अपने कार्यकाल में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया. अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, नागरिकों के साथ बेहतर संवाद तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के कारण उन्होंने लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई. नवनियुक्त पुलिस निरीक्षक अजीत राठोड अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और प्रभावी प्रशासनिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने पूर्व में विभिन्न स्थानों पर उत्कृष्ट सेवाएं देते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा तथा आम जनता का विश्वास अर्जित किया है. नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखते हुए अपराधियों के प्रति सख्त रवैया अपनाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता मानी जाती है.
पदभार ग्रहण करने के बाद अजीत राठोड ने कहा कि दर्यापुर शहर एवं तहसील में शांति, सुरक्षा और कानून के शासन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. पुलिस प्रशासन को अधिक जनोन्मुखी बनाना, नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना तथा अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. उनकी नियुक्ति से दर्यापुर पुलिस विभाग के कार्यों को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी, ऐसा विश्वास नागरिकों द्वारा व्यक्त किया जा रहा है. इस बीच नवपदस्थ पुलिस निरीक्षक अजीत राठोड का विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक स्तरों पर स्वागत किया जा रहा है तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं.





