50 हजार से अधिक विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण शुरू
स्कूल के पहले दिन ही छात्रों के हाथों में पहुंचेंगी किताबें

* आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने किया शुभारंभ
अमरावती /दि.9 – नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अमरावती मनपा क्षेत्र में 50 हजार 191 विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया है. विद्यार्थियों को शैक्षणिक वर्ष के पहले ही दिन आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मनपा शिक्षण विभाग द्वारा विशेष नियोजन किया गया है.
पाठ्यपुस्तक वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा के हाथों किया गया. इस अवसर पर शिक्षण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. आयुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिससे पाठ्यक्रम का अध्यापन सत्र के आरंभ से ही नियमित रूप से शुरू हो सके. मनपा क्षेत्र में शासकीय, जिला परिषद, मनपा तथा निजी अनुदानित प्रबंधन की मराठी, हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू माध्यम की कुल 210 विद्यालय संचालित हैं. इन विद्यालयों के विद्यार्थियों को समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं.
शिक्षण विभाग के अनुसार 8 से 11 जून तक विशेष वितरण अभियान चलाया जाएगा. मनपा मराठी शाला क्रमांक-13 तथा मनपा उर्दू शाला क्रमांक-6, चपराशीपुरा को वितरण केंद्र बनाया गया है, जहां से विभिन्न माध्यमों के विद्यालयों को विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार पाठ्यपुस्तक सेट वितरित किए जाएंगे. विभाग ने शालावार, माध्यमवार और कक्षावार पुस्तकों का वर्गीकरण कर वितरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाया है. इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं ताकि किसी भी विद्यालय को पुस्तकों की कमी का सामना न करना पड़े. इस कार्य का मार्गदर्शन उपायुक्त नरेंद्र वानखेडे तथा शिक्षणाधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम कर रहे हैं. वितरण की जिम्मेदारी सहायक कार्यक्रम अधिकारी पंकजकुमार सपकाल, संजय बेलसरे सहित विभिन्न विषय विशेषज्ञों, विशेष शिक्षकों और क्रीड़ा शिक्षकों को सौंपी गई है. उर्दू माध्यम के विद्यालयों के लिए अलग व्यवस्था की गई है, जिसकी जिम्मेदारी शाला निरीक्षक वहीद खान, मोहम्मद जावेद, काजी निजामुद्दीन, मोहम्मद इमरान नबी और नासीर हुसैन को दी गई है. वहीं हिंदी माध्यम की पाठ्यपुस्तकों के वितरण के लिए केंद्र समन्वयक गोपाल कांबले और कृष्णा ठाकूर को नियुक्त किया गया है. आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी विद्यार्थी पाठ्यपुस्तकों से वंचित न रहे तथा वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो.





