सुपर एक्सप्रेस हाईवे के बंद मार्ग का मिलेगा विकल्प

सर्विस रोड निर्माण को मंजूरी

* पार्षद अजय जयस्वाल और रजनी डोंगरे के लगातार प्रयास के बाद संयुक्त निरीक्षण
* स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
अमरावती/दि.18- बडनेरा की नई बस्ती स्थित वरुडा क्षेत्र से गुजरने वाले सुपर एक्सप्रेस हाईवे पर मार्ग बंद किए जाने से श्रीनाथ रेसिडेंसी, राजेश्वर नगर, रामनगर वार्ड, इंजीनियरिंग कॉलेज, अंजनगांवबारी, म्हाडा तथा नई बस्ती के नागरिकों और स्कूली विद्यार्थियों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. स्थानीय लोगों की मांग और शिकायतों को देखते हुए अब इस समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है.
विधायक रवि राणा के मार्गदर्शन में युवा स्वाभिमान पार्टी के वरिष्ठ मार्गदर्शक सुनील राणा, नगरसेवक अजय जायसवाल, जोन सभापति किशोर जाधव, महिला एवं बाल कल्याण समिति की सदस्य एवं पार्षद रजनी डोंगरे तथा पार्षद गौरी मेघवाणी के नेतृत्व में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी जवाडे, इंजीनियर धवल पटेल, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अभियंता, पुलिस विभाग तथा महानगरपालिका के अधिकारियों ने स्थल का जायजा लिया. निरीक्षण के बाद स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक सर्विस रोड के निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी गई.
पार्षद रजनी डोंगरे ने बताया कि सुरक्षा कारणों से संबंधित स्थान पर डिवाइडर बनाकर मार्ग स्थायी रूप से बंद किया गया था. इससे स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को काफी लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा था. इस समस्या को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के बाद अब सर्विस रोड निर्माण का निर्णय लिया गया है, जिसका कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है. इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और दैनिक आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा. संयुक्त निरीक्षण के दौरान सुचिता पाटिल, कविता मोटघरे, शेलारे ताई, दहिवाते ताई, नंदा गावली, सविता हिरोले, इंगोले ताई, सवाई ताई, शारदा जावडे, प्रो. अमोल मिलखे, मुश्ताक शेख, सचिन पवार, गौतम मोटघरे, शंकरराव इंगोले, बंसीभाऊ, पुरुषोत्तम हिरोले, नितीन गावंडे, वंदना पवार, संगीता बरमैया, सीमा राऊत, रत्ना विरुलकर, नालंदा सहारे, मंगेश काले, सूर्यभान पंचारे, मुन्ना भाई, शैलेश मेघवानी और जितेंद्र मोटवानी सहित अनेक नागरिक उपस्थित थे.

Back to top button