अवैध रेत परिवहन करते 4 डंपर जब्त, 1.69 करोड़ का माल बरामद

एमपी से अवैध रेत लाकर मोर्शी ले जाई जा रही थी खेप

* चार चालक गिरफ्तार, वरुड पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.18- वरुड पुलिस ने गोपनीय जानकारी के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश से अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे चार डंपरों को जब्त किया है. कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 69 लाख 40 हजार रुपये मूल्य का माल बरामद किया गया है. मामले में चार डंपर चालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 18 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार 17 जुलाई को सुबह करीब 5.30 बजे सूचना मिली थी कि कुछ डंपर मध्य प्रदेश से अवैध रूप से रेत लेकर महाराष्ट्र की ओर आ रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक अशोक जाधव के नेतृत्व में जायंट चौक, वरुड में नाकाबंदी की गई. सुबह करीब 7.15 बजे पांढुर्ना रोड की ओर से आए चार डंपरों को रोककर जांच की गई. जांच में सभी डंपरों में रेत भरी मिली, लेकिन चालकों के पास रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध रॉयल्टी या अनुमति पत्र नहीं था. पूछताछ में सामने आया कि रेत का अवैध उत्खनन मध्य प्रदेश से कर उसे चोरी-छिपे मोर्शी ले जाया जा रहा था.
पुलिस ने चारों डंपरों में भरी करीब 7 ब्रास रेत के साथ चार डंपर जब्त किए. जब्त रेत की अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपये तथा डंपरों की कुल कीमत 1.68 करोड़ रुपये बताई गई है. इस प्रकार कुल 1.69 करोड़ 40 हजार रुपये का माल जब्त किया गया. इस मामले में चार डंपर चालकों तथा चार वाहन मालिकों के खिलाफ बीएनएस, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और महाराष्ट्र भूमि राजस्व अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत वरुड पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों से मामले की आगे की पूछताछ जारी है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी उमेश पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अशोक जाधव एवं उनकी टीम ने की. मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक नीलेश गोपाल चावडीकर कर रहे हैं.

Back to top button