अमरावती बोर्ड अध्यक्ष संदीप संगवे की विद्यानिकेतन सीबीएसई स्कूल को सदिच्छा भेंट

शैक्षणिक गुणवत्ता, तकनीक आधारित शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की सराहना

धामणगांव रेलवे/दि. 26- धामणगांव एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित विद्यानिकेतन सीबीएसई स्कूल में अमरावती बोर्ड के अध्यक्ष संदीप संगवे ने सदिच्छा भेंट दी. इस दौरान उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न उपक्रमों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली और विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता की सराहना की.
भेंट के दौरान संदीप संगवे ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया. उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा स्कूल में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न उपक्रमों के बारे में जानकारी ली. इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों से संवाद कर शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों का भी जायजा लिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, अनुशासन, जिम्मेदारी की भावना और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने स्कूल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली.
* तकनीक आधारित शिक्षा की सराहना
संदीप संगवे ने विद्यालय में संचालित उजॠछज तकनीक आधारित शैक्षणिक उपक्रम की जानकारी ली. अध्यापन प्रक्रिया में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उनकी विचारशक्ति, रचनात्मकता और विभिन्न कौशलों को विकसित करना आवश्यक है. उन्होंने बदलते शैक्षणिक परिवेश को देखते हुए शिक्षकों के निरंतर प्रशिक्षण एवं कौशल विकास पर भी जोर दिया. आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के साथ-साथ तकनीक का प्रभावी उपयोग करने की आवश्यकता उन्होंने व्यक्त की. इस अवसर पर स्कूल संचालक राजेंद्र जोशी, से.फ.ला. हाईस्कूल के प्राचार्य प्रशांत शेंडे, विद्यानिकेतन सीबीएसई स्कूल के प्राचार्य अमित वानखेडे तथा उपप्राचार्या रंजुश्री शेंडे उपस्थित थीं. अध्यक्ष संदीप संगवे की यह सदिच्छा भेंट शिक्षक एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी रही. उनके मार्गदर्शन से विद्यालय की आगामी शैक्षणिक यात्रा को नई दिशा और प्रेरणा मिलने का विश्वास व्यक्त किया गया. प्राचार्य अमित वानखेडे ने संदीप संगवे के मार्गदर्शन एवं सदिच्छा भेंट के लिए आभार व्यक्त किया.

Back to top button