अमरावती बोर्ड का रिजल्ट ढाई प्रतिशत घटा

कक्षा दसवीं में 90.50 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण

* पुन: बेटियों का रिजल्ट 7 प्रतिशत बेहतर
* कॉपी पर लगा अंकुश, 35 विद्यार्थी दोषी, केवल 2 विद्यार्थियों को करना पडा डिबार
अमरावती/दि.8 – राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा गत फरवरी-मार्च माह में ली गई एसएससी बोर्ड एक्झाम में अमरावती संभाग के 90.50 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं. पिछले साल के मुकाबले रिजल्ट करीब ढाई प्रतिशत कम रहा है. उसी प्रकार छात्रों की तुलना में छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा. 87 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए, तो छात्राओं का आंकडा 94 प्रतिशत रहा. अमरावती संभाग में बुलढाणा लगभग 94 प्रतिशत उत्तीर्ण के साथ नंबर एक पर रहा. इसके बाद अकोला, अमरावती, यवतमाल और अंत में वाशिम में 88 प्रतिशत छात्र-छात्राएं कक्षा दसवीं की एक्झाम उत्तीर्ण कर अब कनिष्ठ महाविद्यालय में प्रवेश ले सकेंगे. यह जानकारी आज दोपहर टोपे नगर स्थित अमरावती बोर्ड के कार्यालय में बोर्ड सचिव प्रिया देशमुख और अधीक्षक पूर्णिमा कन्नमवार ने दी.
* दक्षता कमिटी एक्टीव
उन्होंने मान्य किया कि, अमरावती संभाग का परीक्षाफल कम हुआ है. उन्होंने इसे कॉपीमुक्त अभियान में राजस्व महकमे के साथ मिलकर गठित दक्षता कमिटी की तत्पर और सजग कार्रवाई से भी जोडा और बताया कि, गैरप्रकार के 68 मामले पकडे गए. उनमें भी 35 विद्यार्थी दोषी पाए गए. दो विद्यार्थियों को गंभीर मामलों के कारण डिबार किया गया, तथापि प्रिया देशमुख ने स्पष्ट कर दिया कि, दोनों विद्यार्थी आगामी जुलाई की पूरक परीक्षा दे सकेंगे. उन्होंने बताया कि, अमरावती संभाग से 161719 विद्यार्थियों ने पंजीयन किया था. किंतु प्रत्यक्ष रुप से एक्झाम में 1 लाख 60 हजार छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए. जिसमें से 144835 सफल रहे.
* 89 हजार विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में
सचिव प्रिया देशमुख और अधीक्षक पूर्णिमा कन्नमवार ने बताया कि, अमरावती संभाग के 89163 छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में पास हुए है. उसमें भी 41149 विद्यार्थियों ने प्राविण्य प्राप्त किया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि, यह परीक्षाफल बेस्ट ऑफ फाइव विषयों का है.
* तहसीलों में सिंदखेड राजा सिरमौर
प्रिया देशमुख ने बताया कि, अमरावती संभाग की तहसीलों में 97.67 प्रतिशत परीक्षाफल के साथ सिंदखेड राजा अव्वल रहा. देउलगांव राजा भी 96.61 प्रतिशत रिजल्ट के साथ अव्वल तालुका में गिना जा सकता है. अमरावती जिले के तिवसा, यवतमाल के रालेगांव और कलंब 76-82 प्रतिशत रिजल्ट के साथ पीछे रह गए हैं.
* सीसीटीवी अनिवार्य
बोर्ड सचिव प्रिया देशमुख ने बताया कि, सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य की गई है. जहां सीसीटीवी का प्रबंध नहीं होगा, वहां बोर्ड के ताजा दिशा-निर्देशानुसार केंद्र हटा दिया जाएगा. गत फरवरी-मार्च की एक्झाम में भी जहां सीसीटीवी की व्यवस्था न थी, वहां अन्य विद्यालयों से स्टाफ नियुक्त किया गया था. उन्होंने दावा किया कि, बोर्ड दसवीं की एक्झाम को पूरी तरह पारदर्शी और अनुशासित करने पर जोर दे रहा है. विभिन्न विभागों के साथ राजस्व महकमें के अधिकारियों की दक्षता समिति आगे भी कार्यरत रहेगी.
* जिलानिहाय उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं
जिला उत्तीर्ण प्रतिशत
बुलढाणा 37,281 93.95
अकोला 23,064 90.74
अमरावती 34,203 90.06
यवतमाल 33,144 88.38
वाशिम 17,143 88.04
कुल 1,44,835 90.50

Back to top button