अमरावती जेल की सुरक्षा होगी हाई-टेक
हाईवे किनारे लगेगा ‘व्यू कटर’

अमरावती/दि.27– जिला प्रशासन ने सेंट्रल जेल की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अहम कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. जिला कलेक्टर आशीष येरेकर ने हाल ही में जेल परिसर का निरीक्षण करने के बाद अब बाहरी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है.
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि पास से गुजरने वाले हाईवे के कारण जेल परिसर की गतिविधियां बाहर से देखी जा सकती हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से खतरा हो सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जेल की सुरक्षा दीवार पर ‘व्यू कटर’ लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि अंदर की हलचल बाहर से दिखाई न दे.
इसके साथ ही, जेल परिसर को अधिक सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है. कलेक्टर ने जेल के विस्तृत क्षेत्र में निगरानी को आसान बनाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को ई-बाइक उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है. इससे पेट्रोल की बचत होगी और गश्त भी तेज व प्रभावी हो सकेगी. प्रशासन द्वारा इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार और आधुनिक तकनीक के उपयोग के जरिए जेल सुरक्षा को ‘हाई-टेक’ बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है.





