अवैध शराब के खिलाफ अमरावती ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई

4.16 लाख रुपये का सामान नष्ट

अमरावती /दि.4- अमरावती ग्रामीण पुलिस ने अवैध रूप से हाथ भट्टी शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की. इस दौरान पुलिस ने लगभग 4 लाख 16 हजार 740 रुपये मूल्य की अवैध शराब और शराब निर्माण सामग्री जब्त कर नष्ट कर दी. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.
* मोर्शी क्षेत्र में जंगल में मिली चलती भट्टी
मोर्शी पुलिस ने मध्य प्रदेश के मुलताई पुलिस के सहयोग से सालबर्डी, घोड़देव और झुनकर गांवों से सटे जंगल क्षेत्र में छापेमारी की. नाले के किनारे एक चलती हुई हाथ भट्टी पाई गई, लेकिन मौके पर कोई आरोपी नहीं मिला. पुलिस ने वहां से शराब निर्माण में उपयोग होने वाले 20 ड्रम महुआ सड़ा, गुड़ और नवसागर समेत लगभग 4.30 लाख रुपये का सामान जब्त कर नष्ट कर दिया.
* माहुली में महिला के खिलाफ मामला दर्ज
माहुली पुलिस को सूचना मिली थी कि नंदुरा पिंगलाई निवासी शिल्पा मनीष भोसले (54) अपने घर के पीछे अवैध हाथ भट्टी चलाकर शराब बेच रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर 40 लीटर हाथ भट्टी शराब, 250 लीटर महुआ सड़वा तथा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की. जब्त सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.
* अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में मोर्शी के थाना प्रभारी राहुल आठवले, माहुली के थाना प्रभारी श्रीकांत कडू तथा उपनिरीक्षक नितिन इंगोले की टीम ने आरसीपी दस्ते की सहायता से अंजाम दी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Back to top button