अमरावती शहर के 40 के करीब अतिक्रमण हटाए

पुलिस व अतिक्रमण विभाग की संयुक्त कार्रवाई

अमरावती/दि.24- शहर में सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ बुधवार को पुलिस विभाग एवं अतिक्रमण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया गया. यह कार्रवाई सुबह 7.30 बजे से 10.30 बजे तक की गई, जिसमें घुमंतू व्यक्तियों द्वारा किए गए अतिक्रमण हटाए गए.
अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान राजकमल चौक, श्याम चौक, तहसील कार्यालय परिसर, जवाहर गेट, इतवारा बाजार क्षेत्र, गर्ल्स हाई स्कूल चौक तथा शनि मंदिर परिसर में कार्रवाई की गई. इस दौरान लगभग 35 से 40 घुमंतू व्यक्तियों द्वारा किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया. कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्तियों को राजुरा बेड़ा क्षेत्र में छोड़ा गया. वहीं, उनके द्वारा एकत्रित कर रखी गई विभिन्न सामग्री को भी हटाकर कंपोस्ट डिपो में जमा कराया गया.
प्रशासन ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई बुधवार सायंकाल भी जारी रखी जाएगी. प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने तथा शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.

Back to top button