शराब पार्टी के बाद भाई की हत्या का प्रयास

फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के राजूरा ग्राम की घटना

अमरावती/दि.25 – शराब पार्टी के बाद अकेले ही घर लौट आने से उपजे विवाद के चलते बडे भाई ने अपने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या करने का प्रयास किया. यह सनसनीखेज घटना फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के मार्डी रोड स्थित राजूरा ग्राम में बुधवार 24 जून को दोपहर 3.30 बजे के दौरान घटित हुई. जख्मी युवक का नाम निखिल गजानन ठाकरे (24) है. जबकि आरोपी भाई का नाम रोहित गजानन ठाकरे (26) है.
जानकारी के मुताबिक बुधवार 24 जून को निखिल ठाकरे और उसका चचेरा भाई मयूर वैद्य यह गांव के ही अपने दोस्त मयूर गिरी के घर गए. मयूर गिरी के घर कोई न रहने से तीनों ने पार्टी का आयोजन किया. इस दौरान मयूरी गिरी और मयूर वैद्य ने निखिल के बडे भाई रोहित ठाकरे को भी पार्टी में शामिल होने के लिए बुला लिया. पार्टी होने के बाद रोहित घर चला गया. उसके बाद निखिल भी घर लौट आया. घर लौटने पर निखिल ने अपने बडे भाई से कहा कि, वह अकेला क्यों आ गया. उसे और अपने चचेरे भाई मयूर वैद्य को साथ में क्यों नहीं लाया, इस बात पर से संतप्त होकर रोहित ने अपने छोटे भाई के साथ गाली-गलौज की. दोनों भाईयों के बीच चल रहे इस विवाद में मध्यस्थी करने उनकी मां पहुंची, तब रोहित ने घर का चाकू निकालकर अपने छोटे भाई पर हमला कर दिया. चाकू के चार वार से निखिल गंभीर रुप से घायल हो गया. रोहित ने अपने ही भाई की हत्या का प्रयास किया. जख्मी निखिल ठाकरे की शिकायत पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने रोहित ठाकरे के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (1), 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button