भातकुली पंस के केंद्र प्रमुख व ठेका कर्मी रिश्वत लेते धरे गये

अमरावती शहर के रुख्मिणी नगर की घटना

* एसीबी के उपअधीक्षक सुनील किनगे के दल की कार्रवाई
अमरावती/दि.8 – आरटीआई के तहत स्कूल में कक्षा पहली में प्रवेश के लिए लगे नंबर में घर का पता गलत देने के कारण पर से जांच रिपोर्ट सकारात्मक भेजने के लिए 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने वाले भातकुली पंचायत समिति के प्रभारी केंद्र प्रमुख और ठेका कर्मी को एसीबी के दल ने जाल बिछाकर रंगेहाथ पकड लिया. यह कार्रवाई अमरावती शहर के रुख्मिणी नगर परिसर में डॉ. देशमुख के हॉस्पिटल के पास गुरुवार 7 मई की शाम घटित हुई. एसीबी के दल ने दोनों रिश्वतखोरों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किये गये पंचायत समिति भातकुली के प्रभारी केंद्र प्रमुख नरेंद्र गोपालकृष्ण धनस्कर (54) और कर्मचारी हर्षवर्धन वासुदेवराव इंगले (42) है.
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता की बेटी की कक्षा पहली में एडमिशन करने के लिए उन्होंने अपनी बेटी का शिक्षा अधिकार के तहत 19 फरवरी को ऑनलाइन प्रणाली से आवेदन किया था. जिसके मुताबिक ड्रा प्रणाली में उनकी बेटी को तोमोय प्री-इंग्लिश स्कूल कठोरा बीके (27070205604) यह शाला मिली है. इस बाबत ऑनलाइन जानकारी शिकायतकर्ता को मिली है. शिकायतकर्ता की बेटी को शाला मिलने के बाद 30 अप्रैल को पते की जांच के लिए आवेदन के पते के मुताबिक उनके घर पंचायत समिति भातकुली से हर्षवर्धन इंगले और नरेंद्र धनस्कर यह दोनों पहुंचे. उन्होंने शिकायतकर्ता से कहा कि, वे ऑनलाइन दिये पते पर नहीं रहते. इस कारण उनकी बेटी की संबंधित शाला में एडमिशन नहीं हो सकती. यदि उन्हें एडमिशन चाहिए, तो तुम्हारी जांच रिपोर्ट सकारात्मक भेजने के लिए 50 हजार रुपए रिश्वत देनी पडेगी. मजबूरन शिकायतकर्ता ने रिश्वत देना तय कर दिया और एसीबी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज की. एसीबी के दल को जांच में सच्चाई का पता चला. पश्चात एसीबी अधीक्षक बापू बांगर, अप्पर पुलिस अधीक्षक सचींद्र शिंदे के मार्गदर्शन में पुलिस उपअधीक्षक सुनील किनगे, निरीक्षक सुजाता बनसोड, हेडकांस्टेबल प्रमोद रायपुरे, वैभव जायले के दल ने रुख्मिणी नगर के डॉक्टर देशमुख के हॉस्पिटल के पास नैरोलैक पैंट की दुकान के सामने गुरुवार 7 मई की शाम जाल बिछाकर भातकुली पंचायत समिति के प्रभारी केंद्र प्रमुख नरेंद्र धनस्कर और कर्मचारी हर्षवर्धन इंगले को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड लिया. रिश्वत की रकम में 25 हजार रुपए असली और 25 हजार रुपए बच्चों के खेलने की नोटा थी. दोनों आरोपियों के खिलाफ राजापेठ थाने में मामला दर्ज किया गया है.

Back to top button