डफरीन अग्निकांड के मृत नवजातों के परिवारों तक पहुंची भाजपा

सौंपे एक-एक लाख रुपये के सहायता धनादेश

* बोराला और तुरखेड में शोकाकुल परिवारों से मिले भाजपा नेता
* पुलगांव के तीसरे परिवार को आज दी गई सहायता
अमरावती/दि.29– डफरीन जिला महिला अस्पताल में हुए हृदयविदारक अग्निकांड में अपने नवजात बच्चों को खो चुके परिवारों का दर्द अभी भी कम नहीं हुआ है. मासूम बच्चों की असमय मौत से टूट चुके माता-पिता को सांत्वना देने और उनके दुख में सहभागी बनने के लिए गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सीधे पीड़ित परिवारों के घर पहुंचा. इस दौरान भाजपा की ओर से मृत तीनों नवजातों के परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा के तहत दो परिवारों को उनके गांव पहुंचकर सहायता राशि सौंपी गई. भाजपा नेताओं ने कहा कि जिन मासूम बच्चों की जान चली गई, उन्हें वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को यह एहसास कराना जरूरी है कि वे अकेले नहीं हैं और समाज उनके साथ खड़ा है.
* बोराला और तुरखेड में भावुक कर देने वाला दृश्य
गुरुवार को भाजपा का प्रतिनिधिमंडल चिखलदरा तहसील के बोराला गांव तथा अंजनगांव सुर्जी तहसील के तुरखेड गांव पहुंचा. बोराला में किरण गंगाराम बेठेकर तथा तुरखेड में गायत्री प्रफुल्ल चोपड़े के परिवार से मुलाकात कर नेताओं ने उन्हें सांत्वना दी और एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की. घर में प्रवेश करते ही उस मनहूस रात की यादें एक बार फिर ताजा हो गईं. अपने कुछ ही दिनों के नवजात बच्चे को खो चुकी माताओं का दर्द देखकर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं. बताया जाता है कि कई परिजन अपने बच्चे का चेहरा भी ठीक से नहीं देख पाए थे कि उन्हें यह असहनीय दुख झेलना पड़ा. पीड़ित परिवारों की व्यथा सुनकर भाजपा नेताओं का भी गला भर आया. उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि यह आर्थिक सहायता किसी भी कीमत पर उस अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन सामाजिक जिम्मेदारी के नाते पार्टी दुख की इस घड़ी में परिवारों के साथ खड़ी है. नेताओं ने कहा, जिन निष्पाप बच्चों ने अपनी जान गंवाई है, उन्हें हम वापस नहीं ला सकते. लेकिन हम यह संदेश देने आए हैं कि इस कठिन समय में आपका परिवार अकेला नहीं है. पूरा समाज और भाजपा परिवार आपके साथ खड़ा है.
* गांवों में उमड़ी भीड़, लोगों ने सराहा संवेदनशील पहल
दोनों गांवों में भाजपा नेताओं के पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए. शोकाकुल परिवारों से मुलाकात और तत्काल आर्थिक सहायता दिए जाने की पहल को ग्रामीणों ने संवेदनशील कदम बताया. ग्रामीणों का कहना था कि सरकारी घोषणाओं और लंबी प्रशासनिक प्रक्रियाओं के बीच सीधे गांव पहुंचकर परिवारों के दुख में शामिल होना और सहायता प्रदान करना एक मानवीय पहल है. कई ग्रामीणों ने भाजपा नेताओं के इस कदम की सराहना की.
* इन नेताओं ने की सांत्वना भेंट
सांत्वना यात्रा में राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे, विधायक प्रवीण पोटे पाटिल, विधायक केवलराम काले, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी, जयंत डेहणकर, चेतन पवार, मेलघाट भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभुदास भिलावेकर, जिला महासचिव सुधीर रसे, साबुलाल दहीकर, डॉ. विलास कविटकर, अंजनगांव सुर्जी के पार्षद मनीष मेन, दिनेश चव्हाण सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे.
* पुलगांव के तीसरे परिवार को आज दी गई सहायता
डफरीन अग्निकांड में कुल तीन नवजात शिशुओं की मृत्यु हुई थी. इनमें से तीसरे बच्चे का परिवार पुलगांव का निवासी है. भाजपा नेताओं ने बताया कि शुक्रवार को प्रतिनिधिमंडल पुलगांव पहुंचकर उस परिवार को भी एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगा और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देगा. डफरीन अस्पताल अग्निकांड के बाद जहां पूरे जिले में शोक का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवारों तक पहुंचकर उन्हें भावनात्मक और आर्थिक सहारा देने की यह पहल चर्चा का विषय बनी हुई है. भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भी वे लगातार प्रयासरत रहेंगे.

Back to top button