सांसद श्रीकांत शिंदे के काफिले को दिखाए गए काले झंडे
नांदेड़ में शिवसैनिकों का प्रदर्शन; कई हिरासत में

नांदेड़/दि.1- महाराष्ट्र की राजनीति में जारी सियासी उठापटक के बीच बुधवार को नांदेड़ जिले में सांसद श्रीकांत शिंदे के काफिले को काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने कई आंदोलनकारियों को हिरासत में ले लिया.
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र एवं सांसद श्रीकांत शिंदे हिंगोली लोकसभा क्षेत्र के सारखनी गांव की ओर जा रहे थे. उनके साथ सांसद नागेश पाटील आष्टीकर भी मौजूद थे. इसी दौरान सारखनी गांव में उद्धव ठाकरे गुट के शिवसैनिकों ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में भगवा झंडे, काले झंडे और विरोध संबंधी तख्तियां लेकर नारेबाजी की. पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आंदोलनकारियों को काबू में लिया और कई लोगों को हिरासत में ले लिया. घटना के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया.
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, हाल ही में शिवसेना के कुछ सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने के बाद उद्धव ठाकरे गुट द्वारा संबंधित क्षेत्रों में विरोध कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. इसी क्रम में सारखनी में यह प्रदर्शन किया गया. उल्लेखनीय है कि सांसद श्रीकांत शिंदे यवतमाल जिले के उमरखेड़ में आयोजित शिवसेना संवाद मेले में शामिल होने जा रहे थे. इस दौरान उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने, प्रत्येक गांव में शाखाओं का विस्तार करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया. कार्यक्रम में सांसद नागेश पाटील आष्टीकर, विधायक बाबूराव कदम कोहलीकर तथा अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे. संवाद कार्यक्रम के दौरान सांसद श्रीकांत शिंदे ने किसानों की लंबित फसल बीमा संबंधी समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया. हालांकि कार्यक्रम स्थल की ओर जाते समय नांदेड़ में उनके काफिले को विरोध का सामना करना पड़ा.





