लोणी मार्ग पर 10.45 लाख रुपए का गांजा जब्त

महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार

* अमरावती ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.1 – अमरावती ग्रामीण अपराध शाखा ने ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 20.869 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत 10 लाख 43 हजार 450 रुपये बताई गई है. इस मामले में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर जिलेभर में नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक रोहित कुदले और उनकी टीम लोणी टाकली थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि एक महिला और पुरुष श्री संत सखाराम महाराज देवस्थान बोर्ड (बडनेरा-लोणी रोड) के पास गांजा लेकर आने वाले हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की. वहां एक महिला और एक पुरुष सफेद रंग की नायलॉन की बोरी के साथ खड़े मिले. पूछताछ में उनकी पहचान वर्धा के आनंद नगर निवासी सुधीर बुधजी फुलमाली (36) तथा कांता रणजीत लोंगबरसे (28) के रुप में हुई. पंचों की मौजूदगी में बैग की तलाशी लेने पर उसमें 20.869 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. जिसकी कीमत 10 लाख 43 हजार 450 रुपये हैं. पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों के खिलाफ लोणी पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने कहा कि ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत जिले में नशे के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, बिक्री और सेवन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है. मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के साथ-साथ जनजागरण अभियान भी चलाया जा रहा है. आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.

Back to top button