संदिग्ध रासायनिक खाद ले जा रही कार पकड़ी

दो आरोपियों पर मामला दर्ज

* कृषि विभाग की शिकायत पर नांदगांव खंडेश्वर पुलिस की कार्रवाई
* 16 हजार रुपये का उर्वरक जब्त
अमरावती /दि.3- अमरावती जिले के नांदगांव खंडेश्वर थाना क्षेत्र में संदिग्ध रासायनिक खाद के अवैध परिवहन का मामला सामने आया है. कृषि विभाग की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से बड़ी मात्रा में संदिग्ध रासायनिक उर्वरक जब्त किया है. इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक 1 अगस्त की रात पोर्टापुर पुलिस पोस्ट के पास बस स्टैंड पर नियमित नाकाबंदी के दौरान एक टोयोटा कार क्रमांक एमएच-27/बीजे-9468 को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान वाहन में विभिन्न प्रकार के रासायनिक उर्वरक एवं कृषि निविष्ठा सामग्री पाई गई. सामग्री संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल कृषि विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही तहसील कृषि अधिकारी संजय नारायणराव पाटिल (52) मौके पर पहुंचे और खाद की जांच की. निरीक्षण के दौरान उर्वरक की पैकिंग पर निर्माता का नाम, बैच नंबर, उत्पादन तिथि, गुणवत्ता संबंधी विवरण तथा अन्य अनिवार्य जानकारी अंकित नहीं मिली. प्रारंभिक जांच में सामग्री संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने करीब 16 हजार रुपये मूल्य का उर्वरक जब्त कर लिया.
कृषि अधिकारी संजय पाटिल की शिकायत पर नांदगांव खंडेश्वर पुलिस ने ज्ञानेश रघुनाथ तलेकार (39) और अनंत रघुनाथ तलेकार (45), दोनों निवासी उत्तम नगर, अमरावती के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. दोनों आरोपियों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, उर्वरक (नियंत्रण) आदेश-1985 तथा अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस का कहना है कि जब्त उर्वरक के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. कृषि विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही प्रमाणित उर्वरक खरीदें और बिना लेबल या संदिग्ध पैकिंग वाले उत्पादों के उपयोग से बचें.

Back to top button