सांसद-विधायक के बैनर हटाने पर दर्यापुर में भाजपा का हंगामा

नगर परिषद की सीढ़ियों पर धरना

* बिना सूचना हटाए गए जन्मदिन के बैनर, भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश
* अनुमति लेने पहुंचे तो कार्यालय में अधिकारी नहीं होने का लगाया आरोप
* मुख्याधिकारी पर कार्रवाई की मांग, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से हस्तक्षेप की अपील
दर्यापुर/दि.3 – दर्यापुर नगर परिषद द्वारा राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे और अकोट विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश पाटील भारसागड़े के जन्मदिन पर लगाए गए शुभकामना बैनरों को बिना पूर्व सूचना हटाए जाने के बाद सोमवार को शहर में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया. इस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के नगरसेवकों, पदाधिकारियों, महिला कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नगर परिषद कार्यालय की सीढ़ियों पर धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया.
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्होंने बैनर लगाने के लिए नियमानुसार नगर परिषद से अनुमति लेने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय कार्यालय में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं था. इसी कारण उन्हें अनुमति रसीद नहीं मिल सकी. इसके बावजूद नेताओं के जन्मदिन के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर शुभकामना बैनर लगाए गए थे. भाजपा का आरोप है कि नगर परिषद प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के अचानक सभी बैनर हटवा दिए. पार्टी नेताओं का कहना है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना और पक्षपातपूर्ण मानसिकता से प्रेरित होकर की गई है.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता नगर परिषद कार्यालय पहुंच गए और मुख्य भवन की सीढ़ियों पर बैठकर धरना शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया. प्रदर्शन के दौरान परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा. भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर परिषद का प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह चरमरा गया है. अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं आते, जिससे आम नागरिकों के काम भी प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है.
प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद के मुख्याधिकारी को पूरे मामले के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की. भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से हस्तक्षेप कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है. भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा.

Back to top button