‘हमें उसी जमीन पर स्थायी आवास का अधिकार दिया जाए’

15 वर्षों से बसे परिवारों ने लगाई गुहार

* बजरंग नगर के निवासियों ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
* दूसरी जगह बसाने के प्रस्ताव का किया विरोध
अमरावती/दि.3 – अमरावती तहसील के अंजनगांव बारी स्थित बजरंग नगर में पिछले 15 वर्षों से निवास कर रहे परिवारों ने भारतीय महिला मोर्चा पार्टी केे बैनर तले जिलाधिकारी से उसी स्थान पर स्थायी आवास का अधिकार दिए जाने की मांग की है. इस संबंध में रहवासियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कहा कि वर्षों से निवास करने के बावजूद उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित करने का दबाव बनाया जा रहा है.
ज्ञापन में बताया गया है कि बजरंग नगर में रहने वाले परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से एक ही स्थान पर निवास कर रहे हैं. ग्राम पंचायत अंजनगांव बारी द्वारा उन्हें हाउस टैक्स (8ए) जारी किया गया है. इसके अलावा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पेयजल, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. रहवासियों का कहना है कि अधिकांश परिवारों के नाम सरकारी आवास योजनाओं की पात्रता सूची में शामिल हैं. उन्होंने अपनी मेहनत और जीवनभर की कमाई से इसी स्थान पर पक्के मकान बनाए हैं. ऐसे में उन्हें वर्तमान स्थान छोड़कर दूसरी जगह बसाने का प्रस्ताव उनके लिए स्वीकार करना संभव नहीं है.
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत के कुछ अधिकारियों द्वारा मौजूदा भूमि पर आवास योजना का लाभ नहीं दिए जाने की बात कही जा रही है तथा दूसरी जगह मकान देने की बात कहकर वर्तमान स्थान खाली करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. रहवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उनके लंबे समय से निवास, उपलब्ध शासकीय सुविधाओं और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें उसी स्थान पर स्थायी रूप से बसाया जाए तथा सरकारी आवास योजना का लाभ भी वर्तमान निवास स्थल पर ही दिया जाए. निवासियों का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से हैं और दूसरी जगह जाकर नया आशियाना बनाना उनके लिए संभव नहीं है. इसलिए प्रशासन मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके हित में निर्णय ले.
ज्ञापन सौंपने वालों में भारतीय महिला मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक खराते, उपाध्यक्ष संगीता वाघ, मुख्य मार्गदर्शन दिलीप गणोरकर, जिलाध्यक्ष संगीता इंगले, शहराध्यक्ष संगीता तायडे, उपाध्यक्ष आशा सोलंके, जिला उपाध्यक्ष सुनीता जगताप, चांदूर रेल्वे तहसील अध्यक्ष माया धोटे, शहराध्यक्ष शीतल सदाफले, जिला उपनिरीक्षक सोनाली टेकाडे, नांदगांव खंडेश्वर तहसील अध्यक्ष सुजाता इंगले, शहराध्यक्ष किरण सिरसाट, शंकर यमगर, श्याम वाघमारे, घनश्याम सैरिसे, दशरथ लोखंडे, रामचंद्र भोंगरे, गजानन बगले, आकाश सोनोने, प्रिया वाघमारे, कविता सैरिसे, ज्योत्स्ना लोखंडे, कल्पना भोंगरे, शीतल हटवार, नीलेश हटवार, नीलेश मेहेंगे, मनीषा मेहेंगे, अर्चना बगडे, रोशनी सरवरे, सुलताना बी एजाज अली, साईमा कौसर सिजार काजी, भारती सोनोने, उषा चौके समेत अन्यों का समावेश था.

Back to top button