मवेशी लेकर जा रही कार ने दुपहिया को उडाया

दो घायल, तीन गोवंश की मौत

* नागपुर से तिवसा महामार्ग की घटना
तिवस /दि.22– कार में मवेशी ठूंसकर जा रही एक कार ने दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी. यह दुर्घटना बुधवार 20 मई को सुबह 7 बजे के दौरान नागपुर से तिवसा महामार्ग पर घटित हुई. इस हादसे में दुपहिया पर सवार दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गये. उन्हें अमरावती जिला अस्पताल रेफर किया गया है. जबकि कार में ठूंसी गई तीन गाय की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. घायलों के नाम वणी ममदापुर निवासी हर्षल विजयराव पुनसे (21) और प्रफुल श्रीकृष्ण लवणकर (45) है.
नागपुर से अमरावती की तरफ बिना नंबर की ब्रेझा कार में पांच गोवंश को बडी निर्दयता से ठूंसकर ले जाया जा रहा था. तिवसा के पास कार का सामने का टायर फूटने से कार चालक का संतुलन बिगड गया और कार ने एमएच-27/डब्ल्यू-0668 क्रमांक की दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद कार महामार्ग से सटकर स्थित नाले में पलट गई. इस हादसे में कार में ठूंसे तीन गोवंश की दम घुटने से मृत्यु हो गई. जबकि दो गोवंश को गोरक्षण पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही तिवसा पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. पंचनामा करते समय किये गये निरीक्षण में कार में तीन अलग-अलग नंबर प्लेट बरामद हुए. मामले की जांच तिवसा पुलिस आगे कर रही है.

* कार चालक साथी फरार
दुपहिया को टक्कर मारने के बाद कार सीधे नाले में गिर गई. कार चालक और उसका साथी जख्मी अवस्था में कार से बाहर निकले. उस समय घायलों की सहायता के लिए कुछ नागरिक दौड पडे, तब दोनों ने नागरिकों को चाकू का भय दिखाया और पलायन कर गये.

* आरोपियों की तलाश जारी
इस दुर्घटना में दो लोग घायल हो गये और तीन गोवंश की मृत्यु हो गई है. घायलों पर अमरावती में उपचार जारी है. आरोपी कार चालक और उसका एक साथी फरार है. दोनों की तलाश जारी है. मामला दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
– गोपाल उपाध्ये,
थानेदार, तिवसा.

Back to top button