खड्डे के कारण होने वाली दुर्घटना की रिपोर्ट एक सप्ताह में दें
लोकनिर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देश

मुंबई /दि.22- सड़कों पर गड्ढों और खुले मैनहोल की वजह से होने वाले हादसों को गंभीरता से लेते हुए पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट ने सभी मुख्य अभियंताओं को नए निर्देश जारी किए हैं. अब यदि गड्ढों या मैनहोल के कारण कोई दुर्घटना या मौत होती है, तो संबंधित विभाग के मुख्य अभियंता को तुरंत संबंधित एजेंसियों की बैठक बुलाकर 7 दिनों के भीतर सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी होगी.
यह फैसला बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद गठित समिति के कामकाज को प्रभावी बनाने के लिए लिया गया है. सरकार द्वारा जारी नए सर्कुलर में कहा गया है कि दुर्घटना से जुड़े मामलों में मुआवज़े की शिकायतों की समीक्षा के दौरान शिकायतकर्ता, वाहन चालक, ठेकेदार और इंजीनियरों की राय सुनने में कई दिक्कतें सामने आ रही थीं. इसी समस्या को देखते हुए अब क्षेत्रीय स्तर पर मुख्य अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं कि हादसे के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों और विशेषज्ञों की बैठक कर तथ्य जुटाए जाएं और पूरी जानकारी निर्धारित समय में सरकार तक पहुंचाई जाए.





