पुष्पक फाउंडेशन नागपुर के खिलाफ केस दर्ज
कौशल विकास योजना में 34.57 लाख की कथित अनियमितता

* लपेटे में आ सकतें हैं सत्ताधारी पक्ष के पदाधिकारी
दर्यापुर /दि.14 – राज्य सरकार की कौशल विकास योजना के क्रियान्वयन में कथित गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है. इस प्रकरण में पुष्पक फाउंडेशन, नागपुर के खिलाफ येवदा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. संस्था पर बिना प्रशिक्षण दिए विद्यार्थियों के नाम पर शासन से लाखों रुपए प्राप्त करने का आरोप लगाया गया है. फौजदारी कार्रवाई के लपेटे में सत्ताधारी पक्ष के पदाधिकारी आ सकतें हैं, ऐसी चर्चा यहां चल रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुष्पक फाउंडेशन ने स्व. बालासाहेब काले महाविद्यालय, लोतवाडा की इमारत किराये पर लेकर वहां स्व. बालासाहेब काले के नाम से कौशल विकास केंद्र शुरु किया था. आरोप है कि, इस केंद्र में करीब 390 विद्यार्थियों का प्रवेश दर्ज किया गया. इस प्रक्रिया में महाविद्यालय के प्राचार्य तथा अध्यक्ष को कथित तौर पर गुमराह कर उनके साथ धोखाधडी की गई.
आरोप के मुताबिक विद्यार्थियों का पंजीयन करने के बाद उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण नहीं दिया गया. इसके बावजूद शासन की कौशल विकास योजना के तहत विद्यार्थियों के नाम पर 34 लाख 57 हजार रुपए की राशि प्राप्त की गई. इसी मामले को लेकर पुष्पक फाउंडेशन के संचालक पांडे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है. इस कथित अनियमितता की जानकारी स्व. बालासाहेब काले महाविद्यालय के संस्था चालक द्वारा कौशल विकास अधिकारी को दी गई. शिकायत के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी प्रशासन के संज्ञान में लाई गई, जिसके बाद प्रकरण पुलिस तक पहुंचा. महाविद्यालय के संस्था चालक काले ने अन्य शैक्षणिक संस्थाओं को भी सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि, किसी संस्था की इमारत किराये पर देते समय अथवा प्रशिक्षण केंद्र के लिए उपलब्ध कराते समय संबंधित संस्था की कार्यप्रणाली, दस्तावेज और सरकारी योजनाओं से जुडे नियमों की पूरी जांच करना जरुरी है, ताकि भविष्य में संस्थाओं को आर्थिक या कानूनी नुकसान न उठाना पडे. इस मामले में येवदा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.