आत्महत्या के लिए प्रवृत्त करने वाले तीन लोगों पर मामला दर्ज

पीड़ितों से आगे आने की अपील, मोर्शी पुलिस की कार्रवाई

अमरावती /दि.30- मोर्शी पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों में चांदूर बाजार निवासी कैलाश कमलकिशोर सरडा, चांदूर बाजार, वर्तमान पता कठोरा रोड निवासी नवनीत उर्फ नीतू चांडक तथा मोर्शी निवासी घनश्याम गठानी शामिल हैं. तीनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक मोर्शी थाने में दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान मोर्शी के तरोडा डोमक निवासी मृतक पवन विद्यासागर भाकरे द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की गई. जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से सूद पर पैसे देने, अवैध रूप से ब्याज वसूलने, संपत्ति हड़पने, खाली चेक एवं स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करवाने तथा अन्य आर्थिक अनियमितताओं में संलिप्त रहे हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी नागरिक के साथ भी आरोपियों द्वारा इस प्रकार की धोखाधड़ी, अवैध वसूली या संपत्ति से जुड़ा कोई गैरकानूनी कृत्य किया गया है, तो वह तत्काल मोर्शी पुलिस स्टेशन में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अथवा फोन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराए. संबंधितों को थाना प्रभारी राहुल अठावले 9923403731, पुलिस उपनिरीक्षक शिवराज पवार 9850074897, पुलिस उपनिरीक्षक तुषार चव्हाण 7768950942 से संपर्क करने कहा गया है.

Back to top button