ईद-उल-मिलादुन्नबी का पर्व शांति व सौहार्द के साथ मनाएं

सीपी राकेश ओला ने शांतता समिती की बैठक में किया आवाहन

* नागपुरी गेट पुलिस थाने में हुई शांति समिति की बैठक
* हुड़दंग और नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई होने की बात कही गई
अमरावती/दि.20 – आगामी ईद-उल-मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से गुरुवार को नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस प्रशासन, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों, मस्जिदों के इमामों, समाज के पदाधिकारियों तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया. बैठक का मार्गदर्शन पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने किया. इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त शाम घुगे, सहायक पुलिस आयुक्त निलेश ब्राह्मणे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
इस बैठक में पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने स्पष्ट किया कि जुलूस और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी, अनुशासनहीनता या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बैठक में डीजे और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई. पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. त्योहार के दौरान सभी आयोजकों से शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई.
बैठक में मिश्किन शाह मस्जिद के इमाम मुफ्ती शरफोद्दीन, अध्यक्ष अय्यूब खान, सीरतुन्नबी कमेटी के सदस्य, साबनपुरा मस्जिद के अध्यक्ष अब्दुल शकील, मौलाना जुनेद परवेज समेत समाज के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए. साथ ही मनपा, अग्निशमन विभाग, महावितरण विभाग और इर्विन अस्पताल के अधिकारियों ने भी सहभागिता की.
बैठक के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे. पुलिस आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए. पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से ईद-उल-मिलादुन्नबी का पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाने का आह्वान किया. अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान नागरिकों का सहयोग मिलने से शहर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी.

Back to top button